आरुष‌ि मर्डर केस: 25 नवंबर को आएगा आख‌िरी फैसला


चर्च‌ित आरुष‌ि-हेमराज मर्डर केस मामले में सीबीआई की बहस पूरी हो गई है। इस मामले में 25 नवंबर को आख‌िरी फैसला सुनाया जाएगा।

15-16 मई 2008 को नोएडा स्थित‌ डॉ राजेश तलवार के आवास पर उनकी बेटी आरुषि और नौकर हेमराज की हत्या हुई थी। करीब साढ़े पांच साल की लंबी जिरह के बाद कल इस मामले में गाजियाबाद की सीबीआई कोर्ट में बहस पूरी हुई।

आरुषि मर्डर केस में उसके माता-प‌िता राजेश तलवार और नुपूर तलवार मुख्य आरोपी हैं।

आखिरी जिरह में सीबीआई पर आरोप
चर्चित आरुषि-हेमराज मर्डर केस में डिफेंस की फाइनल जिरह नौवें दिन भी जारी रही। डिफेंस ने सीबीआई पर आरोप लगाया है कि उसने केस प्रापर्टी से कई बार छेड़छाड़ की।

डिफेंस के अधिवक्ता सत्यकेतु सिंह ने मंगलवार को भी अपना पक्ष रखने के लिए कोर्ट से समय लिया है। इससे पूर्व दोहरे हत्याकांड के आरोपी तलवार दंपति कड़ी सुरक्षा के बीच सीबीआई विशेष न्यायाधीश एस. लाल की कोर्ट में पेश हुए।

डिफेंस के अधिवक्ता तनवीर अहमद मीर ने फाइनल बहस में कहा कि सीबीआई ने इस मामले में संबंधित जो भी केस प्रापर्टी जैसे तकिया, तकिया कवर, गोल्फ स्टिक आदि को सीज किया था, उससे कई बार छेड़छाड़ की गई।

डिफेंस ने इसके लिए हैदराबाद फोरेंसिक लैब के एक्सपर्ट एसपीआर प्रसाद की गवाही का हवाला भी दिया। उनका कहना था कि प्रसाद ने अपने बयान में यह बात स्पष्ट की थी कि उनकी लैब में 56 अलग-अलग प्रदर्श डीएनए जांच के लिए आए थे।

यह सभी लिफाफे फटे थे। कैसे फटे और किसने इनसे छेड़छाड़ की, इसका कुछ पता नहीं। जांच में जो एक बैंगनी रंग का तकिया कवर था, उस पर हेमराज का डीएनए पाया गया था।


Scroll To Top
Translate »