
नई दिल्ली. महाराष्ट्र (Maharashtra) में चले लंबे राजनीतिक घटनाक्रम के बाद शनिवार को देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ ही एनसीपी नेता अजित पवार (Ajit Pawar) ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. सुबह शपथ ग्रहण के बाद शाम को महाराष्ट्र में बीजेपी (BJP) समर्थक जश्न मना रहे हैं. इन सबके बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मुंबई स्थित बीजेपी ऑफिस में पहुंचे. वहां कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान अपने संबोधन में फडणवीस ने कहा, ‘मोदी है तो मुमकिन है.’ उन्होंने कहा कि आप सभी के समर्थन का धन्यवाद. हम महाराष्ट्र में मजबूत और स्थिर सरकार देंगे.
प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के साथ ही पूर महाराष्ट्र में बीजेपी समर्थकों के बीच जश्न का माहौल है. मुंबई स्थित बीजेपी ऑफिस में भी सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे हैं. सीएम फडणवीस ने कहा कि हमारी सरकार पूरे पांच साल तक चलेगी.
महाराष्ट्र (Maharashtra) में अचानक बदले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद शिवसेना (Shiv Sena), एनसीपी (NCP) और कांग्रेस (Congress) को झटका लगा है. इस पर शिवसेना नेता संजय राउत (Sanjay Raut) ने अजित पवार पर विधायकों को धोखे से अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, ‘एनसीपी नेता अजित पवार (Ajit Pawar) के साथ गए 8 में से 5 नेता वापस लौट आए हैं. उनसे झूठ बोला गया, उन्हें कार में बैठाया गया, उनकी किडनैपिंग तक की कोशिश हुई.’
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, ‘हम धनंजय मुंडे के संपर्क में हैं. अजित पवार के वापस लौटने की संभावनाएं हैं. अजित पवार को ब्लैकमेल किया गया है. इसके पीछे कौन है, उसका नाम जल्द ही शिवसेना के मुखपत्र सामना में सामने लाया जाएगा.’ उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा, ‘अगर हिम्मत है तो विधानसभा में बहुमत साबित करके दिखाएं.’
महाराष्ट्र (Maharashtra) में शनिवार को तेजी से बदले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद एनसीपी (NCP) और शिवसेना (Shiv Sena) ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बीजेपी (BJP) पर निशाना साधा. इसके बाद कांग्रेस (Congress) ने अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बीजेपी पर निशाना साधा. कांग्रेस की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहमद पटेल के साथ मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि हम राजनीतिक, कानूनी रूप से लड़ेंगे.
कांग्रेस नेता अहमद पटेल (Ahmed Patel) ने इस दौरान कहा, ‘महाराष्ट्र में बिना बैंड बाजा और बारात के मुख्यमंत्री व डिप्टी सीएम की शपथ ली गई. उन्हें बिना किसी जांच के शपथ दिलाई गई. नेता चोरी छिपे जाते हैं और शपथ लेते हैं. सबकुछ छिपाकर किया गया. ऐसे में मुझे बू आती है कि कहीं ना कहीं कुछ गलत हुआ गया है.’ अहमद पटेल ने कहा कि इन्होंने बेशर्मी की इंतेहा को भी पार कर दिया है. आज का इतिहास काली स्याही से लिखा जाएगा.
https://rashtriyadinmaan.com
