बालाकोट एयर स्ट्राइक पर बोले वायुसेना चीफ धनोआ, ‘हम टारगेट हिट करते हैं, मानव शवों को नहीं गिनते


 

नई दिल्ली |  पाकिस्तान के बालाकोट में जैश के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक पर पड़ोसी मुल्क और कांग्रेस के सवालों के बीच वायुसेना ने सोमवार को साफ किया कि बम लक्ष्य पर गिराए गए हैं। एयर स्ट्राइक के बाद अपनी पहली प्रेस ब्रीफिंग में वायुसेना प्रमुख बी. एस. धनोआ ने साफ किया कि एयर फोर्स ने सफलतापूर्वक टारगेट को हिट किया। इस दौरान जब वायु सेना प्रमुख से विंग कमांडर अभिनंदन के फिर से लड़ाकू विमान उड़ाने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से विंग कमांडर अभिनंदन की मेडिकल फिटनेस पर निर्भर करता है। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तानी F-16 विमानों को खदेड़ने के लिए मिग-21 बाइसन का इस्तेमाल क्यों किया गया, इसकी वजह भी बताई।

एयर चीफ धनोआ से जब सवाल किया गया कि पाकिस्तान अभी भी बालाकोट में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने की बात को खारिज कर रहा है, तो उन्होंने कहा कि, ‘अगर हमने टारगेट हिट करने का प्लान बनाया था, तो हमने टारगेट हिट किया है।’ एयर स्ट्राइक में आतंवादियों की मौत से जुड़े सवाल के जवाब में वायुसेना प्रमुख ने कहा, ‘हम टारगेट हिट करते हैं, मानव शवों को नहीं गिनते। हम सिर्फ यह देखते हैं कि टारगेट हिट किया है नहीं। हां, हमने हिट किया।’


विंग कमांडर अभिनंदन कब दोबारा लड़ाकू विमान उड़ा सकेंगे, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि यह उनकी मेडिकल फिटनेस पर निर्भर करता है। वायुसेना प्रमुख ने कहा, ‘उनका फिर से फाइटर प्लेन चलाना उनकी मेडिकल फिटनेस पर निर्भर करता है…एक बार जब मेडिकल फिटनेस मिल जाएगी…वह विमान उड़ा सकेंगे।’

एयर फोर्स चीफ धनोआ ने कहा, ‘टारगेट के बारे में विदेश सचिव ने अपने बयान में साफ-साफ बता दिया था। हमने अपने टारगेट को हिट किया। अगर हम जंगल में स्ट्राइक किए होते तो उन्हें (पाकिस्तान) जवाब देने की क्या जरूरत थी।’

मिग-21 बाइसन के इस्तेमाल पर
मिग-21 बाइसन का इस्तेमाल क्यों किया गया, इस सवाल के जवाब में वायुसेना प्रमुख ने कहा, ‘क्यों नहीं करेंगे…मैं चल रहे ऑपरेशन के बारे में कॉमेंट नहीं कर सकता। …ऑपरेशन अभी भी जारी है।’ धनोआ ने कहा कि मिग 21 बाइसन अपग्रेडेड विमान है और हम अपने सभी उपलब्ध विमानों का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मिग-21 बाइसन एक अच्छा विमान है, उसे अपग्रेडेड किया गया है। वह बेहतर रेडार, एयर-टु-एयर मिसाइलें और बेहतर वीपन सिस्टम से लैस है। उसे अपग्रेड कर 3.5 जेनरेशन का कर दिया गया है…हम अपने पास मौजूद सभी विमानों का इस्तेमाल करेंगे।’ उन्होंने कहा कि प्लान्ड ऑपरेशन में आप योजना बनाते हैं कि कैसे करेंगे, लेकिन दुश्मन की कार्रवाई के जवाब में उस वक्त जो भी विमान उपलब्ध होगा, उसका इस्तेमाल करते हैं।


Scroll To Top
Translate »