लखनऊ | मंत्रिमंडल की काफी हद तक ‘सफाई’ कर लेने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। इसमें जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों को साधते हुए नए व युवा चेहरे शामिल किए जाएंगे।
राज्यपाल रामनाईक सुबह साढ़े दस बजे राजभवन में नए मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। वैसे तो मंत्रिमंडल में 14 स्थान खाली हैं, लेकिन दस से बारह मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। कुछ राज्य मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री की शपथ भी दिलाया जाना तय है।
सूत्र बताते हैं कि विधानसभा सदस्य रघुराज शाक्य, राकेश छर्रा, प्रभुदयाल वाल्मीकि, ललई यादव, मदन चौहान, पवन पांडेय, जयप्रकाश, राधे श्याम सिंह, दीप नारायण सिंह, जाहिद बेग व शाकिर अली को शपथ दिलाई जा सकती है। एमएलसी अशोक वाजपेयी, आशु मलिक के भी मंत्री बनने के आसार हैं। मंत्रिमंडल में अभी केवल एक महिला अरुण कोरी ही हैं।
बिजनौर से उपचुनाव जीती रुचि वीरा, एमएलसी सरोजनी अग्रवाल दोनों पश्चिमी यूपी से हैं। इनमें एक के मंत्री बनने के आसार हैं। पूर्वांचल से गाजीपुर शादाब फातिमा की दावेदारी भी खासी पुख्ता है। देवरिया की रामपुर कारखाना से विधायक गजाला लारी भी की इस रेस में हैं। मंत्री पद की दावेदारी पक्की करने के लिए विधायक दीपक यादव ने शुक्र वार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से मुलाकात भी की।
हाल में पश्चिमी यूपी के दो मंत्रियों के निधन से इस क्षेत्र की ज्यादा भरपाई किए जाने की संभावना है। बर्खास्त मंत्रियों की खाली जगह पर ब्राह्मण, दलित, कुर्मी, शाक्य, यादव व क्षत्रिय वर्ग को खास तवज्जो दिए जाने की उम्मीद है। हालांकि कोई मुस्लिम मंत्री नहीं हटा है फिर भी उनकी तादाद बढ़ने की उम्मीद है।
कई राज्यमंत्रियों का बढ़ सकता है ओहदा
स्वतंत्र प्रभार के ग्राम्य विकास राज्यमंत्री अरविंद सिंह ‘गोप’ भी कैबिनेट मंत्री बनाना लगभग तय सा है। इसी तरह राज्यमंत्री पंचायती राज कामाल अख्तर, ऊर्जा राज्यमंत्री यासर शाह को कैबिनेट, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल व अभिषेक मिश्र क ो स्वतंत्र प्रभार व कैबिनेट का ओहदा दिया जा सकता है।
https://rashtriyadinmaan.com
