छत्तीसगढ़ में बोले अखिलेश , सरकार ऐसी बने जो भेदभाव न करें यह काम समाजवादी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी करेगी


1486722350205akhilesh
लखनऊ |
        समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज छत्तीसगढ़ में पाली तानाखार में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अध्यक्ष श्री हीरा सिंह मरकाम के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में समाजवादी पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन है और प्रदेश में हमारी सरकार बनी तो शपथ ग्रहण के एक घंटे के अंदर किसानों का कर्ज माफ होगा। उन्होंने कहा भाजपा और कांग्रेस के नेता सब एक दूसरे से मिले हुए हैं और गरीबों, किसानों, नौजवानों की किस्मत बनाने में उनकी कोई रूचि नहीं है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपाई नारा देते है सबका साथ, सबका विकास। जब सबने साथ दिया तो फिर सबका विकास क्यों नहीं हुआ है? उनके इस विकास से आदिवासी, गरीब महिलाएं छूट गई हैं। भाजपा झूठ बोल रही है। अगर सूरज निकलता है तो सभी को बराबर रोशनी मिलती है, हवाएं भेदभाव नहीं करती हैं तो ये जो कुछ दिन की सरकारें हैं, वे भेदभाव क्यों करती है? सरकार ऐसी बने जो भेदभाव न करें यह काम समाजवादी पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी करेगी।
        श्री यादव ने कहा कि नक्सलियों से उतना खतरा नहीं है, जितना कि शहरी नक्सलियों से है। शहरी नक्सली देश में जातीय व धार्मिक भेदभाव की बातें करते है। इनका विकास से कोई वास्ता नहीं है। ये लोग देश को बांटने में लगे हैं।
        श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के सबसे बड़े नेता का कहना है कि मध्य प्रदेश में प्रतिव्यक्ति आय 12-13 हजार थी जो 15 सालों के भाजपा राज के बाद अब 90 हजार से अधिक हो गई है। हम पूछते हैं किसकी आय 90 हजार है।
        श्री यादव ने कहा कि बैंक में जमा पैसा, देश के उद्योगपति लूटकर देश से बाहर चले गए। इन लोगों को पहले कांग्रेस ने पैसा दिया था फिर भाजपा की सरकार ने देश से भागने का मौका दे दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री  ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कुल 54 प्रत्याशी उतारे गए हैं जिनमें 18 सीटों पर समाजवादी और 36 सीटों पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कोरबा में 3 सीटों पर सपा और एक पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी चुनाव लड़ रही है।

Scroll To Top
Translate »