
पार्टी ने गुजरात में युवा चेहरों को तरजीह दी है। परेश धनानी को विधायक दल का नेता बनाने के बाद अमित चावड़ा को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने सामाजिक समीकरण बनाने की भी कोशिश की है। परेश धनानी विधायक दल के नेता है। वहीं, तीन बार विधायक अमित चावड़ा ओबीसी का प्रतिनिधित्व करते हैं।
अमित चावड़ा को गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने साफ कर दिया कि अब प्रदेशों में युवा नेतृत्व को मौका दिया जाएगा। गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने पिछले सप्ताह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अपने पद से त्यागपत्र देने का ऐलान कर दिया था। इसके साथ राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ से सांसद ताम्रध्वज साहू को एआईसीसी के ओबीसी विभाग का अध्यक्ष बनाया है।
छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में चुनाव है और राज्य में ओबीसी वर्ग का वोट करीब 52 फीसदी है। ऐसे में पार्टी ने ताम्रध्वज साहू को ओबीसी विभाग का अध्यक्ष नियुक्त कर चुनावी संदेश देने की भी कोशिश की है। पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री नितिन राउत को अनुसूचित जाति विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने एक बयान जारी कर कहा कि नितिन राउत के नाम की घोषणा की। दरअसल, अभी तक के. राजू एससी विभाग के अध्यक्ष थे लेकिन अब वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यालय में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसलिए, नितिन राउत को विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है।
https://rashtriyadinmaan.com
