संकल्प पत्र का एक-एक वायदा पूरा करेगी सरकार: अमित शाह


20369203_1889041208083742_5181893415144631662_o

लखनऊ,। उत्तर प्रदेश के तीन दिनों के प्रवास पर आए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को संगठन की बैठक में कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश के 22 करोड़ लोगों की तरक्की और खुशहाली के लिए दिन रात काम कर रही है। श्री शाह ने कहा पिछले पंद्रह सालों की बदहाली से परेशान उत्तर प्रदेश की महान जनता ने भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा चुनावों में जबरदस्त बहुमत दिया और अब उत्तर प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में हर रोज जनहित के फैसले ले रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश के कई राज्यों में सरकार बनाने के बाद से भारतीय जनता पार्टी कभी नहीं हारी और देश में भी पार्टी की ताकत लगातार बढ रही है। ऐसे में हम सबका लक्ष्य ऐसी भारतीय जनता पार्टी बनाने का है जो अपराजेय हो।

श्री शाह ने कहा कि वे पूरे देश के प्रवास पर हैं और इसी सिलसिले में तीन दिन के लिए उत्तर प्रदेश भी आएं हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही दिन से जनता के काम करने में जुटी हुई है। एक बिगड़ी हुई व्यवस्था मिली है लिहाजा प्राथमिकता के आधार पर तेजी से काम किए जा रहे हैं। महज तीन महीनों के भीतर किसानों की कर्ज माफी से लेकर रिकार्ड गेहूं की खरीद जैसे वायदे पूरे किए गए हैं और पांच सालों के भीतर प्रदेश सरकार संकल्प पत्र में किए गए एक एक वायदो को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार बनी है और सरकार के काम उत्तर प्रदेश की आवाम के दरवाजे दरवाजे तक पहुंचेंगे। श्री शाह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ  की सरकार ने भ्रष्टाचार पर भी करारी चोट की है। ठेके पट्टे से लेकर विभागों तक में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। हमारी प्राथमिकता है कानून का राज स्थापित करना और ये हम कर के रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा बड़ा दायित्व उन 22 करोड़ लोगों की सेवा करने का है जिनकी मदद से हम उत्तर प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन कर पाए हैं।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हमारी ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही देश और प्रदेश में ये बड़ी विजय हासिल हुई है। सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल के साथ ही हम केंद्र और राज्य सरकार की नीतियोँ और कामों को जन जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में नौकरशाही का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया। सरकारें बदलते ही अफसरों के चेहरे बदल जाते थे। हम नौकरशाही के राजनीतिक इस्तेमाल के खिलाफ हैं और हमारी सरकार ने ये खराब परंपरा तोड़ी है। हम अच्छा काम करने वाले अफसरों को मौका दे रहे हैं। इससे प्रदेश का माहौल तेजी से बदला है।

इससे पूर्व बैठक में अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मेहनत से भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई है और हम दिन रात प्रदेश की सेवा मे जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की कर्ज माफी के अलावा पहली बार इतनी बड़ी तादाद में स्कूली बच्चों को किताबें और यूनीफार्म वक्त से वितरित कर दी गई हैं। यही नही शत प्रतिशत गन्ना किसानों के भुगतान भी हो चुके हैं।

श्री योगी ने कहा कि डायल 100 की व्यवस्था और पुख्ता की जा रही है ताकी लोगों को तुरंत मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता से काम कर रही है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे तेजी से बढती हुई पार्टी है और इसका श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और हमारे शीर्ष नेतृत्व को जाता है। श्री मौर्य ने कहा कि देश के साथ ही साथ यूपी में भी भारतीय जनता पार्टी ताकतवर बन कर उभरी है और आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के लखनऊ में कदम रखने के साथ ही पार्टी की ताकत में और बढोत्तरी हुई है।

इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दीप प्रज्जवलन कर बैंठक का शुभारंभ किया। इस मौके पर बैठक में प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद ओम माथुर, राष्ट्रीय महासचिव डा. अनिल जैन, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, शिव प्रकाश और प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल सहित मोर्चा, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।


Scroll To Top
Translate »