लखनऊ। बेटी सारा की फिरोजाबाद में सड़क दुर्घटना में मौत को उनकी मां सीमा सिंह ने षडयंत्र बताया है। सीमा सिंह ने हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी पर जेल से ही बेटी का हत्या का षडयंत्र रचने का आरोप लगाया है।
उन्होंने अपनी पुत्री की फिरोजाबाद में दुर्घटना में मौत के मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आज पुलिस महानिदेशक जग मोहन यादव से मुलाकात की और उनको एक प्रार्थना पत्र सौंपा। सारा की मां सीमा सिंह ने डीजीपी से उनकी पुत्री के पति समाजवादी पार्टी के नेता अमनमणि त्रिपाठी के साथ ही उनके पिता अमरमणि त्रिपाठी के नार्को टेस्ट की मांग की है। सीमा सिंह का आरोप है कि मेरी बेटी की हत्या की गई है। जिसको दुर्घटना का रूप दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि सारा की हत्या की सारी साजिश जेल से पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी ने रची है।
इससे पहले कल ही सीमा सिंह ने अमनमणि पर भी गंभीर आरोप लगाये हैं। आरोप है कि अमनमणि त्रिपाठी आए दिन सारा से मारपीट करता था। दुर्घटना से तीन दिन पहले छह जुलाई को भी अमनमणि ने गोमतीनगर के विरामखंड स्थित सारा के घर के बाहर कार में उसे पीटा था। घरवालों के मुताबिक तब सारा का छोटा भाई सिद्धार्थ वहां मौजूद था। सिद्धार्थ को यह बहुत अटपटा लगा था, लेकिन बहन की खातिर वह चुपचाप भीतर लौट आया था।
सारा की मां सीमा सिंह व अन्य परिवारीजन अब अमनमणि के बर्ताव को याद कर नौ जुलाई को फीरोजाबाद में हुए हादसे को षड्यंत्र मान रहे हैं। घरवालों के मुताबिक नौ जुलाई को उनके घर के बाहर एक कार आकर रुकी थी, जिसके बाद सारा बाहर चली गई थी। सारा ने मां को बताया था कि वह अमनमणि के साथ घूमने जा रही है। सीमा का कहना है कि उन्हें यह नहीं पता कि सारा तब किस कार से गई थी और उसे कौन लेने आया था। सारा के भाई हर्ष के मुताबिक उसने नौ जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे सारा को फोन किया था, तब उसने बताया था कि वह ढाबे पर है। सारा ने बताया था कि वह कार से जा रही है। हर्ष का कहना है कि यह बात उसे खटकी थी, क्योंकि सारा ट्रेन अथवा हवाई जहाज से सफर करती थी।
घरवालों के मुताबिक अमनमणि ने 27 जुलाई 2013 को आर्यसमाज मंदिर में सारा से प्रेम विवाह किया था, लेकिन कभी सारा को अपने घरवालों के पास नहीं ले गया। सीमा सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार अमनमणि के पिता अमरमणि त्रिपाठी से बात की, लेकिन वह हमेशा यही चाहते थे कि यह रिश्ता टूट जाए। शादी से पहले अमनमणि ने सारा व उसके घरवालों को कई बार धमकाया भी था। वह धमकी देता था कि सारा किसी और की नहीं हो सकती। अब घरवालों को यह संदेह भी है कि कहीं सारा ने परिवार की जान को खतरा देखकर तो शादी नहीं की थी। घरवालों का कहना है कि सारा की मौत की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उनकी बेटी की मौत के पीछे गहरी साजिश है।
क्यों नहीं था तलाक को राजी
सारा के भाई हर्ष का कहना है कि अमनमणि ने सारा के तलाक मांगने पर इन्कार कर दिया था। घरवालों को संदेह है कि तलाक के बाद सारा पति की आधी संपत्ति की हकदार होती, इसी कारण अमनमणि तलाक के लिए राजी नहीं हुआ। सारा को षड्यंत्र के तहत रास्ते से हटा दिया।
घरवालों के कुछ और सवाल
-सारा का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल ने क्यों नहीं किया
-घायल सारा को फीरोजाबाद जिला अस्पताल ले जाने वाले अमनमणि के घर के लोग तो नहीं
-दोपहर करीब डेढ़ बजे हादसा हुआ, शाम चार बजे अमनमणि के चचेरे बाबा व पूर्व मंत्री अस्पताल कैसे पहुंच गए
-हादसे के बाद अमनमणि के कपड़ों में एक बूंद भी खून नहीं था, यानी उसने सारा को उठाने का प्रयास तक नहीं किया।
– See more at: http://www.jagran.com/uttar-pradesh/lucknow-city-amarmani-plotted-my-daughter-murder-from-jail-seema-singh-12590713.html#sthash.M5aFkb5P.dpuf
https://rashtriyadinmaan.com
