
lucknow | समाजवादी पार्टी ने पांच और उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। सपा सूत्रों ने बताया कि सुरेन्द्र कुमार उर्फ मुन्नी शर्मा को गाजियाबाद सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, कैराना से रालोद की मौजूदा सांसद तबस्सुम हसन इस बार इसी सीट से सपा प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरेंगी।
इसके अलावा पूर्व सांसद शफीक उर रहमान बर्क संभल से सपा के प्रत्याशी होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पूर्व मंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह को गोण्डा सीट से टिकट दिया गया है। राम सागर रावत बाराबंकी (सुरक्षित) सीट से चुनाव लड़ेंगे। रावत इससे पहले भी बाराबंकी से पांच बार सांसद रह चुके हैं।
सपा 11 उम्मीदवारों की तीन सूची पहले ही जारी कर चुकी है। शुक्रवार की सूची के साथ ही पार्टी 16 सीटों के लिए अपने प्रत्याशी तय कर चुकी है। सपा-बसपा के बीच चुनावी गठबंधन के तहत सपा के हिस्से 37 सीटें आयी हैं। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से बसपा 38 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अजित सिंह के रालोद को तीन सीटें दी गयी हैं, जबकि गठबंधन ने दो सीटें सोनिया गांधी का निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली और राहुल गांधी का क्षेत्र अमेठी से प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है।
उत्तर प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान संपन्न होगा। राज्य में लोकसभा चुनाव के मतदान का पहला चरण 11 अप्रैल को शुरू होगा, जबकि सातवां एवं अंतिम चरण 19 मई को होने वाले मतदान के साथ संपन्न होगा। मतों की गणना 23 मई को की जाएगी। उत्तर प्रदेश में 7.79 करोड़ पुरुष, 6.61 करोड़ महिला तथा 8374 अन्य समेत 14.4 करोड़ मतदाता हैं। उत्तर प्रदेश में मतदान के लिये कुल 91709 मतदान केन्द्र बनाये जाएंगे।
https://rashtriyadinmaan.com
