नहीं रहे मशहूर कार्टूनिस्ट प्राण


cartoonist pranगुड़गांव। चाचा चौधरी और साबू का कार्टून उकेरने वाले भारत के मशहूर कार्टूनिस्ट प्राण अब नहीं रहे। 75 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। प्राण ने मंगलवार की रात गुड़गांव में अपनी अंतिम सांस ली।
प्राण का पूरा नाम प्राण कुमार शर्मा था। इनका जन्म 15 अगस्त 1938 को पाकिस्तान के कसूर शहर में हुआ था। प्राण कई सालों से कैंसर से पीड़ित थे। पिछले दस दिनों से उनका इलाज गुड़गांव के एक अस्पताल में चल रहा था। यहां वे आइसीयू में भर्ती थे। उन्होंने मंगलवार को आखिरी सांस ली।
प्राण ने 1960 से कार्टून बनाने की शुरुआत की थी। उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित होने वाले अखबार मिलाप से कार्टून बनाने की शुरुआत की। उनके बनाए कार्टून चरित्र चाचा चौधरी और साबू घर-घर में लोकप्रिय किरदार बन गए थे। जो बाद में स्वतंत्र कॉमिक्स के तौर पर बेहद मशहूर हुआ। बाद में वो भारतीय कॉमिक जगत के सबसे सफल कार्टूनिस्टों में से एक गिने जाने लगे। इसके अलावा डायमंड कॉमिक्स के लिए प्राण ने कई अन्य कामयाब किरदारों को जन्म दिया। इनमें रमन, बिल्लू और श्रीमतीजी जैसे कॉमिक चरित्र शामिल थे। 1995 में इनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया था।


Scroll To Top
Translate »