लखनऊ: उत्तर प्रदेश की आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती सुरभि रंजन का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर आकांक्षा समिति की ओर से भव्य स्वागत किया गया। श्रीमती रंजन के नेतृत्व में आकांक्षा समिति ने प्रदेश में सामाजिक कार्यों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। आकांक्षा समिति ने पिछले एक साल में जनपदों में गठित आकांक्षा समिति को सक्रिय करते हुए जनपद एवं प्रदेश में अनेक समाज कल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित कराने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
श्रीमती सुरभि रंजन के नेतृत्व में महिला सुरक्षा, असहाय एवं विकलांगो के लिए हेल्थ कैम्प, बालिकाओं को स्वावलम्बी एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु जूडो-कराटे की निःशुल्क प्रशिक्षण एवं कम्प्यूटर प्रशिक्षण, कैंसर एवं असाध्य रोगों से पीडि़त के सहायतार्थ ब्लड डोनेशन कैम्पों का आयोजन कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है।
श्रीमती सुरभि रंजन ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर आज बटलर पैलेस कालोनी में संचालित मसाला मठरी केन्द्र पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आकांक्षा समिति की यह उपलब्धि सभी सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से सम्भव हुआ है। उन्होंने बताया कि शुद्धता एवं स्वादिष्ट के लिए प्रसिद्ध मसाला मठरी केन्द्र में इस वर्ष 03 करोड़ रूपये की आय अर्जित की है जो गत वर्षों की अपेक्षा में दुगुना है। उन्होंने मसाला मठरी केन्द्र में कार्यरत कर्मचारियों को बेहतर कार्य हेतु बोनस की दोगुनी राशि दिये जाने की घोषणा करने के साथ-साथ उन्हें सम्मानित भी किया।
श्रीमती रंजन ने आकांक्षा समिति द्वारा बटलर पैलेस कालोनी में गरीब बच्चों के लिए संचालित विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों को भी बेहतर कार्य हेतु सम्मानित किया। उन्होंने आकांक्षा समिति के नये ब्रोसर का लोकार्पण एवं मसाला मठरी केन्द्र में नवनिर्मित हाल का भी फीता काटकर उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में आकांक्षा समिति की सचिव, श्रीमती शुभ्रा मित्तल सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने अपने सम्बोधन में कहा कि श्रीमती सुरभि रंजन के नेतृत्व में आकांक्षा समिति ने अपने विशिष्ट कार्यों से जो पहचान बनाई है वह सराहनीय एवं अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में आयकर विभाग की आयुक्त श्रीमती कविता भटनागर सहित अन्य कई सभ्रान्त महिलाओं ने भी आकांक्षा समिति के कार्येां में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु सदस्यता प्राप्त की।
https://rashtriyadinmaan.com

