झांकियों में दिखा देश का जलवा


राजधानी लखनऊ में गणतंत्र दिवस की परेड और झांकियों में देश का जलवा देखने को मिला। विधानभवन के समक्ष राज्यपाल बीएल जोशी और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगमन पर हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्पवर्षा से उनका स्वागत किया गया। राष्ट्रगान के बाद परेड कमांडर कर्नल प्रणव कुमार ने राज्यपाल को परेड की सलामी दी।
कर्नल की अगुवाई में परेड की शुरुआत गोरखा राइफल्स ने की जिसके बाद गढ़वाल राइफल, एएमसी सेंटर इंटर कॉलेज, एक महार रेजीमेंट, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, सशस्त्र सीमा बल व ब्रास बैंड, पीएसी 32 व 35 बटालियन, होमगार्ड, यूपी पुलिस, जाट रेजीमेंट, बिहार रेजीमेंटल सेंटर के जवानों ने परेड व बैंड पर बेहरतरीन प्रस्तुति देकर सबको मंत्र-मुग्ध कर दिया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव और बच्चे भी परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने पहुंचे।
एनसीसी और स्कूलों बच्चों ने परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम पर दी प्रस्तुति
परेड में जवानों के साथ एनसीसी कैडेट्स ने भी कदम से कदम मिलाया। एनसीसी बटालियन के परेड की अगुवाई कैडेट अभिषेक शुक्ला ने की। एनसीसी बटालियन के बालिकाओं की टुकड़ी ने परेड पर बेहतरीन प्रस्तुति दी। यूपी सैनिक स्कूल की अगुवाई अरविंद व प्रतीक ने की। परेड में सेंट जोजफ इंटर कॉलेज, लखनऊ पब्लिक स्कूल, ब्यायज ऐंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, सिटी मांटेसरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त लखनऊ पब्लिक स्कूल के बच्चों ने नाज ए हिन्दुस्तान, सिटी मांटेसरी ने संस्कार नृत्य, भारतीयम् ड्रिल, बाल विद्या मंदिर ने म्यूजिकल पिरामिड और ब्वायज एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज के बच्चों ने इंडियन-इंडियन नृत्य पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया।


Scroll To Top
Translate »