
दिल्ली | कपिल मिश्रा पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमला होने की बात सामने आ रही है। जिस शख्स ने हमला कि उसको पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़े जाने पर शख्स ने कहा कि पार्टी विरोधी काम करने पर उन्होंने कपिल पर हमला किया। उसने खुद को पार्टी का कार्यकर्ता बताया। शख्स ने कहा कि कपिल मिश्रा ने पार्टी को धोखा दिया था इसलिए उसने उनपर हमला किया। मिली जानकारी के मुताबिक, हमला करने वाले शख्स का नाम अंकित है। अंकित ने मीडिया से कहा कि वह आप का कार्यकर्ता है लेकिन उसको किसी ने भेजा नहीं है।
कपिल मिश्रा के समर्थकों ने उस शख्स के साथ मारपीट भी की। इस पूरी घटना पर कपिल मिश्रा ने कहा कि अगर उनके किसी भी समर्थक ने अगर पलटवार किया तो वह पानी भी नहीं पियेंगे।
कपिल ने इस मामले पर कहा कि वह शख्स भागते हुए उनकी तरफ आया था। कपिल के मुताबिक, उस शख्स ने उनकी गर्दन पकड़ी थी। हालांकि, कपिल ने अपने आप से किसी का नाम लेने से इंकार किया। कपिल ने कहा कि वह जिन सवालों के जवाब लेने के लिए वहां बैठे हैं उनको लेकर ही उठेंगे।
इससे पहले कपिल ने बुधवार की सुबह ही अनशन शुरू किया था। उन्होंने केजरीवाल से उनके और कुछ मंत्रियों के सभी विदेशी दौरों की जानकारी मांगी थी। कपिल ने कहा था कि वह जानना चाहते हैं कि वेिदेशी दौरे के लिए पैसा कहां से आता था। कपिल ने कहा था कि मंत्रालय चलाने के लिए विदेश जाना जरूरी नहीं होता। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा था कि वह अपने कार्यकाल में एक बार भी विदेश नहीं गए।
अनशन शुरू करने से पहले कपिल मिश्रा ने कहा था कि उनको अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन आ रहे हैं जो उनको धमकी दे रहे हैं। कपिल ने कहा था कि वह खुले में बैठे हैं जिसको मारना है मारकर चला जाए।
इससे पहले कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल पर रिश्वत लेने के आरोप लगाए हैं। कपिल मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दावा किया था कि सत्येंद्र जैन ने अरविंद केजरीवाल को दो करोड़ रुपए कैैश दिए थे। कपिल ने अपने आप को इस पूरी घटना का गवाह बताया था। कपिल ने कहा था कि उन्होंने केजरीवाल से उन पैसों के बारे में पूछा भी था। कपिल के मुताबिक, तब केजरीवाल ने कहा था कि राजनीति में कुछ बातों के बारे में बाद में बताया जाता है।
https://rashtriyadinmaan.com
