बाबा साहब डाॅ0 बी0आर0 आंबेडकर का जीवन सभी के लिए प्रेरक: मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री जी को आंबेडकर प्रिय योगी आदित्यनाथ सम्मान से विभूषित किया गया

लखनऊ |   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि बाबा साहब डाॅ0 बी0आर0 आंबेडकर का जीवन हम सभी के लिए प्रेरक है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में न केवल उच्चतम शिक्षा हासिल की, बल्कि लोगों को न्याय दिलाने के लिए भी आगे आए। उनका मानना था कि सामाजिक व आर्थिक विषमता को दूर कर ही सच्ची स्वाधीनता पायी जा सकती है। इसके लिए उन्होंने शिक्षा को प्रमुख हथियार माना। मुख्यमंत्री  ने कहा कि भारतीय संविधान डाॅ0 आंबेडकर जी की जीवन साधना है।
मुख्यमंत्री  आज यहां भारतरत्न बोधिसत्व बाबा साहब डाॅ0 भीमराव आंबेडकर महासभा में बाबा साहब डाॅ0 बी0आर0 आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री  ने कहा कि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम बाबा साहब डाॅ0 बी0आर0 आंबेडकर महासभा को भव्य स्मारक के रूप में बनाने के लिए कार्ययोजना बनाए।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आंबेडकर जी के सपनों को धरातल पर लाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री जी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के विशेष प्रावधानों को संविधान से हटाकर आंबेडकर जी के प्रति सम्मान प्रकट किया है।  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने वर्ष 2015 में 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाए जाने की घोषणा की थी। इस वर्ष ‘26 नवम्बर‘ संविधान दिवस के अवसर पर राज्य विधानमण्डल का विशेष सत्र आयोजित किया गया था, जिसमें भारतीय संविधान पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि डाॅ0 आंबेडकर को सम्मान दिलाने में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का महत्वपूर्ण योगदान है। जहां एक ओर प्रधानमंत्री जी बाबा साहब डाॅ0 आंबेडकर से जुड़े स्थलों को विकसित कर उनके दर्शन से वर्तमान एवं भावी पीढ़ी को जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर डाॅ0 आंबेडकर की सोच के अनुरूप विकास कार्यों को भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी जिन गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा प्राप्त नहीं था और इन गांवों के लोगों को वोट देने का भी अधिकार नहीं था, उन्हें हमारी सरकार ने यह अधिकार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बाबा साहब के चित्र को सभी सरकारी कार्यालयों मंे लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री  ने कहा कि गरीबों, दलितों व वंचितों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। पूर्ववर्ती सरकारों ने अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को स्काॅलरशिप देने में काफी शिथिलता बरती थी। वहीं हमारी सरकार ने कार्यभार ग्रहण करते ही अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के वंचित लोगों को स्काॅलरशिप देने का काम किया।

विधान परिषद सदस्य श्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बाबा साहब डाॅ0 बी0 आर0 आंबेडकर बेहद प्रतिभाशाली एवं अनोखे व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने आजीवन वंचितों तथा शोषितों के लिए संघर्ष किया।

कार्यक्रम को भारतरत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डाॅ0 भीमराव आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष डाॅ0 लालजी प्रसाद निर्मल ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री  को ‘आंबेडकर प्रिय योगी आदित्यनाथ सम्मान’ से विभूषित किया तथा डाॅ0 आंबेडकर जी की प्रतिमा भेंट की। कार्यक्रम से पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने डाॅ0 आंबेडकर महासभा परिसर में स्थापित तथागत बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा डाॅ0 आंबेडकर के अस्थि कलश पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री श्री स्वामी प्रसाद मौर्य, श्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह श्री अवनीश कुमार अवस्थी तथा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


Scroll To Top
Translate »