
लखनऊ: 500 और 1000 के नोट बदलने और पैसे जमा करने के लिए गुरुवार सुबह से ही यूपी समेत देशभर के राज्यों में बैंकों और पोस्ट ऑफिस में लोगों की लंबी-लंबी कतार देखने को मिली।राजधानी लखनऊ में एक तरफ जहां प्राइवेट बैंकों ने सुबह 8 बजे से ही कांउटर खोल दिए, वहीं सरकारी बैंकों में स्थिति सामान्य नहीं दिखी। जिसकी वजह से बैंकों के कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। बैंको के हालात ये हैं कि टोकन नंबर के जरिए भी लोग ना तो नोट बदल पा रहे हैं और ना ही अपने एकाउंट से कैश निकाल पा रहे हैं।
लखनऊ के हलवासिया चौराहे पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के बाहर बैंक कर्मचारियों के साथ ही पुलिस को भी लोगों को व्यवस्थित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की अफरा-तफरी के बाद यहां पर लोग लाइन में लग कर नोट बदलने लगे और कैश भी निकालने लगे, लेकिन सरकारी बैंकों में लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अशोक मार्ग हजरतगंज स्थित बैंक ऑफ इंडिया में नोट बदलने, कैश निकालने के लिए बाकायदा टोकन दिया जा रहा है लेकिन तकनीकी खराबी के चलते लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
हजरतगंज स्थित जीपीओ पर भी नोट बदलने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। वहीँ राजभवन स्थित पंजाब नैशनल बैंक में भी लोग काफी देर से लाइन में लगे रहे बावजूद उसके उनको ना तो कैश नहीं मिल पा रहा है और ना ही नोट एक्सचेंज हो पा रहे हैं। कुछ इसी तरह के हालात चौक, सहादतगंज, सीतापुर रोड, अलीगंज, गोमतीनगर, तालकटोरा, हुसैनगंज, कैंट और पीजीआई का भी हैं। इन सबके बीच 2000 के नए नोट पाकर लोगों के चेहरे भी घिल उठे।
बैंकों का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई भी ऐसी गाइड लाइन नही आई जिसे वह फॉलो करें। फिर भी आम पब्लिक को कोई भी दिक्क्क्त न हो उसको लेकर बैंकों में व्यवस्था की गई है।
उनका मानना है कि उपभोक्ताओं को थोड़ा सा धैर्य का परिचय देना होगा।
https://rashtriyadinmaan.com
