मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा
लखनऊ:
मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने वर्तमान मानसून अवधि में प्रदेश में सामान्य से 53.5 प्रतिशत कम वर्षा होने के कारण प्रभावित कृषकों को राहत प्रदान करने एवं कृषि कार्याें को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से, प्रभावित किसानों को उदारतापूर्वक नए ऋण देने व ऋणों की अदायगी को लम्बी अवधि के लिए बढ़ाने हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से बैंकों व वित्तीय संस्थाओं को निर्देशित करने का अनुरोध किया है। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा है।
अपने पत्र में श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि सामान्य से कम वर्षा होने के कारण कृषि फसलों पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। इसके फलस्वरूप प्रदेश के कृषकों को अत्यन्त विषम आर्थिक स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। इन परिस्थितियों में प्रदेश के प्रभावित कृषकों को बैंकों द्वारा उदारतापूर्वक नये ऋण प्रदान करने एवं ऋणों की अदायगी लम्बी अवधि हेतु बढ़ाये जाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में यह भी उल्लिखित किया है कि भारत सरकार की लघु अवधि कृषि ऋणों पर ब्याज छूट योजना में दैवीय आपदा से प्रभावित कृषकों के कृषि ऋणों की रिस्ट्रक्चर्ड धनराशि पर आगामी एक वर्ष तक 2 प्रतिशत ब्याज में छूट की सुविधा उपलब्ध है। चूंकि योजनान्तर्गत 3 लाख रुपए तक लघु अवधि कृषि ऋणों पर 2 प्रतिशत इन्ट्रेस्ट सबवेन्शन के साथ ही ससमय भुगतान करने पर 3 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज में छूट की व्यवस्था भी उपलब्ध है। अतः उचित होगा कि उक्त योजना में ससमय भुगतान हेतु देय 3 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज में छूट का लाभ भी दैवीय आपदा से प्रभावित कृषकों की भांति रिस्ट्रक्चर्ड धनराशि पर भी उपलब्ध कराया जाए।
https://rashtriyadinmaan.com

