नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधानसभा चुनावों के लिए आज 43 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी जिसके मुताबिक पार्टी विधायक दल के नेता नंदकिशोर यादव पटना साहिब से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की यहां पार्टी मुख्यालय में करीब ढ़ाई घंटे चली बैठक में इन उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया गया।
समिति के सचिव और केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने बाद में संवाददाताओं को बताया कि पहले चरण के लिए 19, दूसरे चरण के लिए 15 तथा अन्य चरणों के लिए नौ उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए गए हैं। बिहार में पांच चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में 12 अक्टूबर को 49 सीटों के लिए मतदान होगा जिसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया कल से शुरू हो रही है।
बैठक में अध्यक्ष भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अनंत कुमार, जगत प्रकाश नड्डा, थावरचंद गहलौत, धर्मेंद्र प्रधान, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संगठन मंत्री रामलाल, शाहनवाज हुसैन, बिहार के नेता सुशील मोदी और नंद किशोर यादव, महिला मोर्चा की अध्यक्ष विजया रहाटकर, बिहार चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव और बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे ने हिस्सा लिया। भाजपा बिहार में 160 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे के तहत लोक जनशक्ति पार्टी को 40, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी को 23 और हिन्दुस्तान अवाम मोर्चा (हम) को 20 सीटें मिली हैं। साथ ही हम के पांच उम्मीदवार भी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की तीन टीमों ने आज राजग के शेष तीन घटक दलों के साथ बैठकें कर इस बारे में विचार विमर्श किया कि किस सीट से किस दल का उम्मीदवार लड़ेगा। भाजपा की बिहार चुनाव समिति की रविवार को पटना में बैठक हुई थी जिसमें हर सीट के लिए तीन से पांच उम्मीदवारों का पैनल बनाया गया था।
https://rashtriyadinmaan.com
