बिहार:नक्सलियों ने पत्नी को मारी गोली,पति को भी उतारा मौत के घाट


झाझा:पेरगाहा के रांगाकाला गांव में नक्‍सलियों ने एक दंपति की हत्या कर दी है. घटना रविवार रात की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग 20 से 25 आधुनिक हथियार से लैस नक्‍सली गांव में आये. उन्होंने ज्ञानी यादव के घर पर धावा बोल दिया और उसे घसीटकर ले जाने लगे. जब उसकी पत्नी ने उनका विरोध किया तो नक्सलियों ने उसे गोली मार दी जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी.

नक्सली ज्ञानी यादव को उठाकर पास के ही गांव चपोरिया ले गये. जहां उसे मौत के घाट उतार दिया. घटना स्थल से शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि पहले ज्ञानी यादव पर तेज धारदार हथियार से हमला किया गया और बाद में उसे गोली मार दी गयी. ग्रामीणों की माने तो नक्सलियों ने ज्ञानी यादव पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर उसकी हत्या की है.

पहले नक्‍सली गतिविधि में शामिल रह चुका है ज्ञानी

पुलिस का कहना है कि ज्ञानी यादव पहले नक्‍सली गतिविधियों में शामिल रह चुका है. वह इस मामले में जेल भी जा चुका है. जेल से निकलने के बाद उसने अपना अपराधी गिरोह बना लिया. यह गिरोह लोकल स्तर पर चल रहे काम काज में अड़ंगा डालकर लेवी वसूलने का काम करता था. जिससे नक्सलियो में रोष था.

ग्रामीणों में दहशत का माहौल
गांव में नक्सली गतिविधि से लोगों में दहशत का माहौल है. इस गांव में लगभग 40 के आसपास घर है जिसमें करीब 250 लोग रहते हैं. ज्ञानी यादव के परिजन से जब इस संबंध में हमारे संवाददाता ने पूछने की कोशिश की तो उन्होंने चुप्पी साध ली.


Scroll To Top
Translate »