राज्यसभा उप चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा उम्मीदवार सुधांशु त्रिवेदी ने दाखिल किया नामांकन


लखनऊ |    राज्यसभा उप चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा उम्मीदवार सुधांशु त्रिवेदी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।

इससे पहले गुरुवार को राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी को उत्तर प्रदेश से उम्मीदवार बनाया था। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में इनके नामों पर मुहर लगाई गई थी।

यूपी की सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और बिहार की सीट राजद नेता व वरिष्ठ अधिवक्ता राम जेठमलानी के निधन से खाली हुई हैं। पर्याप्त संख्या बल होने के चलते दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। जेटली की सीट के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा और पूर्व यूपी भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी प्रबल दावेदार थे।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग से पीएचडी, यूपी के मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार और राजनाथ सिंह के पार्टी अध्यक्ष रहते उनके राजनीतिक सलाहकार रहे सुधांशु त्रिवेदी वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी टिकट के प्रबल दावेदार थे। राज्यसभा के लिए भी उनके नाम की कई बार चर्चा हुई लेकिन टिकट नहीं मिला। वहीं जदयू की सहमति मिलने के बाद जेठमलानी की सीट पर सतीश दुबे के नाम का एलान किया गया।


Scroll To Top
Translate »