रायबरेली विधायक अदिति सिंह पर भाजपा मेहरबान , दी वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा


लखनऊ |    गांधी जयंती पर आयोजित किए गए यूपी विधानमंडल के विशेष सत्र का कांग्रेस द्वारा बहिष्कार करने के बावजूद सत्र में हिस्सा लेने वाली पार्टी विधायक अदिति सिंह को वाई श्रेणी की सुरक्षा देने की घोषणा की गई है। उनकी सुरक्षा के लिए स्कोर्ट भी साथ चलेगा।

कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा अदिति सिंह का नया ठिकाना हो सकती है। इसके पहले उन्होंने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने पर भी केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ की थी।

हालांकि, विशेष सत्र में शामिल होने पर उन्होंने कहा था कि वह दलगत भावना से ऊपर उठकर राष्ट्रपिता के सम्मान में सदन में आई हैं। वह बचपन से ही बापू की कहानियां सुनती आई हैं।

अदिति सिंह रायबरेली सदर से पहली बार कांग्रेस विधायक चुनी गई हैं। उनके पिता अखिलेश सिंह भी कई बार विधायक रह चुके थे। पिछले दिनों उनके निधन पर शोक जताने के लिए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ भी रायबरेली स्थित उनके आवास पर गए थे। तभी से अदिति का रुख बदला-बदला बताया जा रहा है।

बुधवार को विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने पहुंचीं अदिति सिंह ने यह कहकर कांग्रेस को साफ संदेश दे दिया कि मैंने वही किया जो क्षेत्र की जनता के हित में है, जनता की आवाज उठाना मेरा फर्ज है। पार्टी जो फैसला लेना चाहे, ले, मुझे मंजूर होगा।


Scroll To Top
Translate »