भाजपा सरकार विकास व रोजगार के सही आंकड़े जनता के सामने पेश करे—- अखिलेश यादव


अखिलेश ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पत्रकार वार्ता से ठीक डेढ़ घंटे बाद का समय चुना, लेकिन वह पहुंचे 1.30 बजे। उन्होंने बातचीत की शुरुआत मुख्यमंत्री पर हमले से की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जब पत्रकार वार्ता कर रहे थे उसी समय उन्नाव में गोलीबारी की सूचना आई। प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है। यूपी में सबसे अधिक घटनाएं बेटियों के साथ हो रही हैं। उन्नाव की बेटी को न्याय के लिए मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह तक के लिए आना पड़ा।

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार गलत आंकड़े पेश कर रही है। मुख्यमंत्री कभी कह रहे हैं कि दो लाख युवाओं को नौकरी दी, तो कभी कुछ और बता रहे हैं। सरकार सही बताए कि कितनों को रोजगार दिया। यही हाल विकास को लेकर है। सपा शासनकाल की योजनाओं को अपना बताकर उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा शासनकाल की अभी 21 परियोजनाओं के उद्घाटन का श्रेय लेना बाकी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि पिछली सरकार में भ्रष्टाचार हुआ, लेकिन हकीकत सभी के सामने है। भाजपा सरकार में जीरो टॉलरेंस फेल हुआ और कई मंत्री हटाए गए। किसानों को कर्जमाफी का लाभ नहीं मिला। अर्थव्यवस्था औंधे मुंह गिरी पड़ी है। पहले कार नहीं बिक रही थी अब साइकिल नहीं बिक रही है। बड़े देश कह रहे हैं कि भारत अपने आंकड़ों में हेराफेरी कर रहा है। सरकार साफ करे कि उत्तर प्रदेश की इकोनामी एक ट्रिलियन डॉलर कैसे होगी।

अखिलेश ने कहा कि इस सरकार ने हमें और आपको राष्ट्रवाद और शौचालय में उलझा कर विदेशों से डिफेंस के नाम पर लेनदेन कर डाला। सरकार बताए कि जब विदेशों से ही सब ले लेंगे तो यूपी के डिफेंस कारिडोर का क्या होगा‌? डिफेंस कारिडोर के लिए सड़क से काफी दूर जमीन ली गई है।


Scroll To Top
Translate »