
lucknow | गोंडा जिले में शनिवार की देर शाम कृषि उत्पादन मण्डी समिति में तैनात सचिव मोहम्मद इस्राइल पर हमले के आरोप में कटरा से भाजपा विधायक बावन सिंह के पुत्र वैभव सिंह उर्फ मोनू व एक अन्य समेत 20 लोगों के विरूद्ध कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला कोतवाली करनैलगंज अर्तगत स्थानीय कृषि उत्पादन मण्डी समिति का है। सचिव मण्डी समिति मोहम्मद इसराइल ने कोतवाली में दी गयी तहरीर में कहा है कि शनिवार की शाम जब वह अपने कर्मचारियों के साथ कार्यालय में थे। उसी समय चार पांच वाहनों पर करीब 25 से 30 लोग आये और कार्यालय में घुस गए। पता करने पर बताया कि वो कटरा विधान सभा क्षेत्र के विधायक बावन सिंह के पुत्र मोनू ऊर्फ वैभव सिंह है।
आरोप है कि अभद्रता के साथ सचिव पर एक भुगतान के लिए दबाव बनाने लगे। सचिव द्वारा जांच के बाद भुगतान करने की बात पर मेज पर लगा कांच तोड़ दिया। आरोप है कि सचिव के साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में लादने का भी प्रयास किया। कोतवाल वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि विधायक पुत्र वैभव सिंह उर्फ मोनू व हरिश्चन्द्र मौर्या सहित करीब 25 अन्य के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
विधायक पुत्र वैभव सिंह ने आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने बताया कि वे एक पीड़ित हरिश्चन्द्र मौर्या के लिए वहां गये थे। उन्होंने बताया कि ठेका देने के नाम पर सचिव पैसे मांग रहे थे और पहले से लिये गये पैसे भी वापस नहीं कर रहे थे। वे वहां समझाने और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए गये थे। उन्होंने या किसी साथी ने मारपीट और अभद्र व्यवहार नही किया। सचिव ने जांच से बचने के लिए झूठा केस दर्ज कराया है।
https://rashtriyadinmaan.com
