
लखनऊ |
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के काले कारनामे रोज उजागर हो रहे हैं। समाज का हर वर्ग अपने को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों का मान-सम्मान और इज्जत खतरे में है। किसान को न तो अपनी फसल का लाभप्रद मूल्य मिल रहा है और नहीं उसका कर्ज माफ हुआ है। बदहाली में वह आत्महत्या को विवश है। पांच सौ से ज्यादा शिक्षामित्र आत्महत्या कर चुके हैं और बाकी सदमें और अवसाद में अपनी जानें गंवा बैठे हैं। बेरोजगार नौजवान हताश में फांसी पर चढ़ रहे हैं। भाजपा की नीतियां किसान, नौजवान और गरीब विरोधी हैं।
उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। महिलाएं और बच्चियां दिन में भी सुरक्षित नहीं है। दुष्कर्मी खुलआम घूमकर पीड़ित परिवारों को धमकाते हैं। पुलिस, जिस पर कानून व्यवस्था सम्हालने का दायित्व है, खुद दबंगों की साथी बन जाती है। स्वयं मुख्यमंत्री जी के दरबार में जब उन्नाव जनपद की गैंगरेप पीड़िता बच्ची की सुनवाई नहीं हुई तब उसे लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के पास थाने पर सपरिवार न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठना पड़ गया। इस काण्ड में भाजपा विधायक के भाई की संलिप्तता भी सामने आई है। यही नहीं पीड़िता के परिवारीजनों उसके पिता तथा चाचा को फर्जी केस में फंसा दिया गया।
मुख्यमंत्री का यह दावा कि एनकाउण्टर कहीं फर्जी नहीं हो रहे है, वही फर्रूखाबाद में फर्जी मुठभेड़ में एस.ओ. सहित 13 पुलिस कर्मियों पर मुकदमें दर्ज हुए। राज्य सरकार की कानून पालन में ढिलाई के कारण प्रदेश में अराजकता बढ़ रही है। हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाओं में भाजपा के राज में वर्ष प्रतिवर्ष वृद्धि हो रही है। भाजपा का यह डरावना चेहरा है।
अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वूमन पावर लाइन की शुरूआत हुई थी। अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 नं0 की व्यवस्था थी जिसमें पुलिस चंद मिनटों में ही अपराध स्थल पर पहुंचती। बिना थाने पर जाए सिर्फ 100 नं0 डायल करने पर ही कार्रवाई सुनिश्चित हो जाती है। भाजपा सरकार ने इन व्यवस्थाओं को बर्बाद कर दिया जिससे प्रदेश में अपराधों का ग्राफ बढ़ा है। पुलिस फर्जी एनकाउण्टर दिखाकर अपराधियों में भय होने का दुष्प्रचार कर रही है। ऐसी अराजक स्थिति तो कभी नहीं रहीं।
उत्तर प्रदेश में राज्यपाल महोदय को अपने संवैधानिक दायित्व का निर्वाह करते हुए बच्चियों के साथ दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं का संज्ञान लेना चाहिए। वे स्वयं समय-समय पर राज्य सरकार को सलाह देने का काम करते रहे है। जिस तरह से भाजपा राज में अपराध बढ़े है और जनता में दहशत बढ़ी है उसको देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है।
https://rashtriyadinmaan.com
