बीजेपी का मिशन पूर्वाचल, इन 13 सीटों पर टिकी है निगाह


गोरखपुर। कड़ाके की ठंड में भी आज उत्तर प्रदेश के पूर्वाचल इलाके में सियासी पारा काफी चढ़ा रहेगा। योगी आदित्यनाथ के इस गढ़ में भाजपा की इस रैली को काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश में छठी विजय शंखनाद रैली को संबोधित करेंगे। शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित मानबेला मैदान में मोदी पूर्वाचल के पिछड़ेपन को लेकर केंद्र व राज्य सरकारों पर निशाने साधते हुए विकास का विजन भी प्रस्तुत करेंगे।
मोदी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी रैली में मौजूद रहेंगे। रैली के मंच पर नरेंद्र मोदी दोपहर एक बजे पहुचेंगे। मीडिया प्रभारी मनीष शुक्ला ने बताया मोदी विशेष विमान द्वारा दिल्ली से वाराणसी पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा रैली के लिए रवाना होंगे। मोदी गोरखनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करने के बाद महंत अवैद्यनाथ से भी मुलाकात करेंगे। सांसद योगी आदित्यनाथ के गढ़ में भाजपा मजबूत रही है। रैली के लिए 13 संसदीय क्षेत्रों से भीड़ जुटाई जाएगी। रैली के सिलसिले में प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे जोन से पुलिस अधिकारियों और जवानों को गोरखपुर भेजा गया है।
पूर्वाचल की इन 13 सीटों पर हैं निगाह
गोरखपुर, बांसगांव, देवरिया, सलेमपुर, पड़रौना, महराजगंज, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, मऊ, घोसी, लालगंज एवं बलिया। गोरखपुर के करीबी जिलों की ये लोक सभा सीटें काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। जिसकी वजह से रैली महत्ता बढ़ गई है।
पूर्वाचल के दर्द को चाहिए आवाज
पूर्वाचल का गोरखपुर क्षेत्र सियासी दलों के लिए भले ही उर्बरा हो लेकिन यहां का दर्द सरकारों की शीर्ष प्राथमिकता कभी नहीं बन पाया। चुनाव खत्म होते ही पूर्वाचल हासिए पर आ जाता है। पिछले पचीस साल से भी अधिक वक्त से महामारी का रूप ले चुकी इंसेफेलाइटिस अब तक 25 हजार मासूमों की जान ले चुकी है, लेकिन केंद्र और प्रदेश की सरकारों ने कभी इसे शीर्ष प्राथमिकता नहीं बनाया। जिन चीनी मिलों के भरोसे पूर्वाचल के इस बेल्ट में खुशहाली की इबारत लिखी जाती थी धीरे-धीरे उनमें से अधिकतर को बंद कर दिया गया। मुख्यमंत्री रहते बीरबहादुर सिंह ने रामगढ़ताल के जरिए गोरखपुर के समग्र विकास का सपना देखा था। इसकी शुरुआत भी कर दी थी, लेकिन उनके निधन के बाद लगे ग्रहण से यह ताल अब तक नहीं उबर सका है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह कहते हैं कि भाजपा ने अपने शासनकाल में पूर्वाचल के विकास पर ध्यान केंद्रित किया था। सरकार जाने के बाद भी पार्टी यहां के मुद्दे उठाती रही है। जनता भाजपा और मोदी के जरिए विकास का सपना देख रही है। पार्टी इस सपने का पूरा करेगी।


Scroll To Top
Translate »