BJP के प्रमोद सावंत होंगे गोवा के अगले CM, रात ले सकते हैं शपथ


भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, ”हम गठबंधन के सहयोगियों को राजी करने में सफल रहे और राज्य के लिए दो उपमुख्यमंत्रियों के फार्मूले को अंतिम रूप दिया।” उन्होंने कहा कि सोमवार की रात नौ बजे शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है।

वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार शाम को कहा कि मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद गोवा के अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों के बीच आम राय नहीं बन पाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अगले मुख्यमंत्री के उम्मीदवार का नाम एक तरह से तय कर लिया है, लेकिन राज्य में उसकी सहयोगी पार्टियां फिलहाल उस पर सहमत नहीं दिख रहीं। बहरहाल, उन्होंने यह नहीं बताया कि भाजपा ने किस नेता को अगले मुख्यमंत्री के तौर पर चुना है।

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के तीन, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के तीन और तीन निर्दलीय विधायकों के साथ भाजपा विधायकों की बैठक रविवार देर रात से अब तक कई बार हो चुकी है, ताकि पर्रिकर के उत्तराधिकारी पर आम राय बनाई जा सके। इस चर्चा की अगुवाई के लिए गडकरी सोमवार की सुबह गोवा पहुंचे। उन्होंने कहा, ”मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर हम (अपने सहयोगियों के साथ) आम सहमति नहीं बना सके हैं। हम अपने गठबंधन साझेदारों से बातचीत कर रहे हैं।”

काफी समय से बीमार चल रहे मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के रविवार को निधन के बाद भाजपा विधायकों और सहयोगियों में नया नेता चुनने को लेकर चर्चा चल रही थी। चर्चा का नेतृत्व करते हुए नये मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाने के लिये सोमवार अलसुबह गडकरी यहां पहुंचे। गडकरी के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी पणजी पहुंचे हैं।


Scroll To Top
Translate »