ब्लास्ट के आरोपी के परिवार को मिला मोदी की रैली का न्योता


लोकसभा चुनाव 2014 के लिए तमाम पार्टियों की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच भाजपा ने पटना ब्लास्ट के आरोपी इम्तियाज के परिवार को मोदी रैली का निमंत्रण देकर सबको चौंका दिया है।

रविवार को बीजेपी के नेता झारखंड के सीथियो गांव पहुंचे और मोदी की पटना रैली में हुए ब्लास्ट के आरोपी इम्तियाज के परिवार वालों से मिले।

बीजेपी नेता न केवल परिवार वालों से मिले बल्कि 29 दिसंबर को रांची में होने वाली मोदी की रैली के लिए उन्हें आमंत्रित भी किया।

मोदी की रांची रैली की तारीख तय

लेकिन चौंकने का मौका बीजेपी के सामने भी आया जब इम्तियाज के पिता कमलउद्दीन अंसारी ने यह निमंत्रण स्वीकार कर लिया और यह वादा किया कि वे पूरे परिवार के साथ मोदी की रैली में आएंगे।

इस मास्टर स्ट्रोक से बीजेपी कई बातें दिखाने की कोशिश कर रही है। इम्तियाज के परिवार को मोदी की रैली में निमत्रित करके यह भी साबित करने की कोशिश कर रही है कि मोदी की रैली में हमले के बावजूद पार्टी मुसलमान समुदाय के साथ है।

रांची के एमएलए सीपी सिंह ने कहा कि आतंकवाद को कभी भी किसी समुदाय से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। इम्तियाज एक अलग व्यक्तित्व है और किसी संगत में आकर उसने जो भी काम किया हो उससे उसके परिवार को इस मामले में नहीं घसीटा जाना चाहिए।

सीथियो से ही राष्ट्रीय जांच ऐजेंसी ने पटना ब्लास्ट के 5 संग्दिग्धों को गिरफ्तार किया था। बीजेपी ने रविवार को यहां आकर एक सभा की और मुसलमान परिवारों से बातचीत की।

इस कदम से बीजेपी ने यह संदेश देने का भी प्रयास किया कि वे सभी समुदाय के साथ चलने को तैयार हैं।


Scroll To Top
Translate »