
रूस के पीटर्सबर्ग शहर में दो मेट्रो स्टेशनों (पीटर्सबर्ग मेट्रो स्टेशन और सनाया मेट्रो स्टेशन) पर हुए भीषण धमाके से 10 लोगों की मौत हो गई। इस धमाके में कम से कम 50 लोगों के घायल होने की भी खबर है।
घटनास्थल की जो भयावह तस्वीरें सामने आई हैं उनमें लोग खून से लथपथ भागते हुए दिख रहे हैं।यह धमाका ब्लू लाइन अंडरग्राउंड मेट्रो पर हुआ। घटना के बाद से इलाके तीन मेट्रो स्टेशनों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।स्टेशन को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना सोमवार को स्थानीय समयानुसार दिन के करीब 2:30 बजे की है। घटना को तब अंजाम दिया गया जब शहर के एक इलाके में राष्ट्रपति पुतिन एक बैठक में भाग लेने आ रह थे।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने मामले की हर एंगल से जांच कराने की बात कही है। उन्होंने हादसे में हताहत हुए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
अभी तक धमाकों के कारणों का पता नहीं चल सका और न ही किसी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी ली।
कब-कब हुए रूस में बम धमाके?
इससे पहले 2010 को यहां दो महिला आत्मघाती हमलावरों ने मास्को की मेट्रो ट्रेन पर बम धमाके किए थे जिसमें 38 लोगों की मौत हो गई थी।
इसी तरह 2004 में यहां जब कुछ इस्लामिक कट्टर पंथियों ने एक स्कूल के छात्रों को बंधक बना लिया था तो घटना में आतंकियों समेत 330 लोग मारे गए थे जिनमें आधे से ज्यादा बच्चे थे।
2002 में आतंकियों ने एक थिएटर में घुसकर लोगों को बंधक बना लिया था जिसमें पुलिस कार्रवाई होने पर 120 लोगों की मौत हुई थी।
ये आतंकी घटनाएं रूस में तब सामने आई थीं जब बतौर प्रधानमंत्री ब्लादिमीर पुतिन ने 1999 में मुस्लिम इलाके चेचन्या की अलगाववादी सरकार को कुचलने का अभियान चलाया था।
इसके बाद राष्ट्रपति बनने के बाद से अब तक विद्रोहियों के खिलाफ सख्ती बनाए हुए हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
