बिहार में अमित शाह ने किया परिवर्तन का उद्घोष


 

16_07_2015-bjppresident299पटना। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने नरेंद्र मोदी (नमो) को अति पिछड़ा परिवार से आकर गरीबों का दर्द समझने वाला प्रधानमंत्री कहकर चुनाव मैदान में उतरने से पहले ही लालू-नीतीश की जातीय गोलबंदी पर न सिर्फ हमला बोला, बल्कि कहा कि अगर बिहार को विकास चाहिए तो वह राजग की सरकार से ही संभव है|

ऐतिहासिक गांधी मैदान में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच मंच पर मौजूद राजग के तमाम नेताओं ने लालू-नीतीश की सत्ता को उखाड़ फेंकने का जहां संकल्प लिया, वहीं दो तिहाई सीटों के साथ बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कदमताल कर चलने वाली सरकार बनाने का आह्वान किया।

गांव-गांव, गली-गली जाने वाले परिवर्तन रथों को रवाना करने के लिए आयोजित समारोह में लोजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार, रालोसपा अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी सहित बड़ी संख्या में राजग के सांसद और विधायक मौजूद थे।

बकौल शाह, यह रथ बिहार में सत्ता परिवर्तन के लिए प्रधानमंत्री का संदेश लेकर हर विधानसभा क्षेत्र में जाएगा। यह नरेंद्र मोदी का रथ है, जो गांव-गांव जाएगा। यह रथ गांव में बिजली पहुंचाने, गांव-गांव तक सड़क पहुंचाने, स्कूल-अस्पताल और विकास पहुंचाने के लिए जा रहा है।

अब बिहार की जनता के दिल में नमो का पोस्टर बस गया है। मुझे उम्मीद है विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता राजग को 185 से ज्यादा सीटों पर जीताकर कांग्रेस मुक्त देश बनाने की श्रृंखला में बिहार को भी शामिल कराएगी।

लालू-नीतीश पर कटाक्ष : शाह ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर कटाक्ष किया। कहा कि आगे बढ़ते बिहार के एक भी पोस्टर में तस्वीर नहीं, सोनिया गांधी मंच पर साथ बैठने को तैयार नहीं, फिर भी लालू अपने को गठबंधन का नेता मानते हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संदर्भ में कहा कि लालू को हटाने के लिए भाजपा को साथ लेकर गांव-गांव वोट मांगने गए। आज उसी लालू के साथ गठबंधन कर लिया। नीतीश ने जनादेश की पीठ में खंजर भोंका है। जनता उन्हें सबक सिखाएगी।


Scroll To Top
Translate »