डिंपल के खिलाफ जांच करने कन्नौज पहुंची सीबीसीआईडी


img-1500277989292
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सांसद पत्नी डिम्पल यादव और उनके समर्थकों के खिलाफ शिकायत की जांच के लिए रविवार को सीबीसीआईडी टीम कन्नौज पहुंची। दरअसल डिंपल यादव 2012 के लोकसभा उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। उस दौरान वोटर इंटरनेशन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत गांधी ने मामला दर्ज कराया था कि डिम्पल यादव के खिलाफ उपचुनाव लड़ने से उनके प्रत्याशी को जबरन रोका गया, उनका अपहरण करके मारपीट की गई ताकि डिम्पल यादव निर्विरोध निर्वाचित हो सकें। उन्होंने डिंपल के समर्थकों पर आरोप लगाया था कि डिंपल यादव के नामांकन से पहले वोटर इंटरनेशन पार्टी के प्रत्याशी प्रभात पांडेय समेत कई प्रत्याशियों का अपहरण कर लिया गया था। इस कारण डिम्पल के अलावा अन्य प्रत्याशी नामांकन नही करा सके जबकि 12 प्रत्याशियों ने नामांकनपत्र खरीदे थे।
इस मामले की जांच कई स्तरों पर चल रही है। मानवाधिकार आयोग ने सीबीसीआईडी को जांच के आदेश दिए हैं। इस आदेश पर रविवार को सीबीसीआईडी कानपुर सेक्टर के इंस्पेक्टर नवीन कटियार टीम के साथ जांच को कन्नौज पहुंचे। उन्होंने आम लोगों के साथ वोटर्स इंटरनेशन पार्टी के पदाधिकारियों के बयान लिए।

Scroll To Top
Translate »