
नई दिल्ली: सरकार ने शनिवार को ऋषि कुमार शुक्ला को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का नया निदेशक नियुक्त कर दिया। ऋषि कुमार मध्य प्रदेश काडर के 1983 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी नियुक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय चयन समिति की पिछले नौ दिनों में दो बार हुई बैठक के बाद जांच एजेंसी के शीर्ष पद के लिए 70 उम्मीदवारों में से की गई है।
1983 बैच के मध्य प्रदेश काडर के आईपीएस अधिकारी फिलहाल मध्य प्रदेश पुलिस आवास निगम के अध्यक्ष हैं।वह आलोक वर्मा का स्थान लेंगे, जिन्हें 10 जनवरी को इस पद से हटा दिया गया था।
कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार मध्य प्रदेश पुलिस के पूर्व प्रमुख ऋषि कुमार शुक्ला को दो साल के तय कार्यकाल के लिये शनिवार को सीबीआई का निदेशक नियुक्त किया गया।
इससे पहले केंद्र ने सर्वोच्च न्यायालय ने पूछा था कि सीबीआई में कबतक अंतरिम निदेशक की स्थिति बनी रहेगी, जिसका सरकार ने जवाब दिया था। सर्वोच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा और न्यायमूर्ति नवीन सिन्हा की पीठ ने केंद्र से कहा था कि सीबीआई निदेशक का पद संवेदनशील है और सरकार को अबतक एक नियमित निदेशक नियुक्त कर देना चाहिए था।
https://rashtriyadinmaan.com
