मुख्यमंत्री ने जौनपुर में 258 करोड़ रु0 लागत की 116 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया


मुख्यमंत्री ने ‘उ0प्र0 में स्वतंत्रता संग्राम और जौनपुरकी भूमिका’ विषयक पुस्तक का विमोचन किया

लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जौनपुर नये भारत के नये उत्तर प्रदेश के विकास की प्रक्रिया के साथ तेजी से आगे बढ़ने वाला जनपद है। शीघ्र ही जौनपुर वासियों को वे सभी सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिसके लिए उन्होंने दशकों तक इंतजार किया है। विकास आज की आवश्यकता है। हमें ध्यान रखना होगा कि विकास की जिन योजनाओं के लिए शासन ने धनराशि दी है, उसका उपयोग सम्बन्धित कार्य पर ही हो।

मुख्यमंत्री आज जनपद जौनपुर में 258 करोड़ रुपये लागत की 116 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद इस अवसर पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाभी, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना एवं स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप/टैबलेट/स्मार्टफोन वितरित किए। उन्होंने ओ0डी0ओ0पी0 योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पी0एम0 स्वनिधि योजना, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के लाभार्थियों को व्हील चेयर/छड़ी तथा आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश तेजी के साथ एक नई अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। आज यहां जनपद जौनपुर के विकास से सम्बन्धित 258 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हो रहा है, वह विकास के विभिन्न क्षेत्रों से सम्बन्धित है। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कृषि, ग्रामीण विकास, पशुधन, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। यह परियोजनाएं जनपद में रोजगार तथा नौकरी की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी से सटा हुआ जनपद जौनपुर अपनी एक नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। जौनपुर की सुगन्ध और जौनपुर की मिठास को वैश्विक मंच पर पहुंचाने की आवश्यकता है। जौनपुर से जुड़ी लगभग 30 वर्ष पुरानी याद साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय जौनपुर का इत्र भी प्रसिद्ध था। जिला प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के प्रयास से इत्र को जौनपुर के साथ फिर से जोड़ने के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया है। जौनपुर की इमरती को जी0आई0 उत्पाद के रूप में आगे बढ़ाने की कार्यवाही प्रारम्भ हुई है, जिससे यह एक नया ब्रॉण्ड बनकर दुनिया में छा जाएगी। उन्होंने कहा कि जौनपुर की प्रतिभा जहां भी गयी है उसने अपनी एक अलग पहचान और अलग छाप छोड़ी है। शिक्षा, तकनीक, कृषि वैज्ञानिक, व्यवसाय तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में जौनपुर के लोगों ने अपनी प्रतिभा दिखायी है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने देश के बारे में सकारात्मक सोच के साथ सभी को जुड़ना होगा। आज एक प्रदर्शनी में उन्होंने बेसिक शिक्षा के बच्चों के मन में विज्ञान, तकनीक व भाषा के प्रति आधुनिक बोध को महसूस किया है। यह इसलिए है क्योंकि उन्हें इस प्रकार का मंच मिल रहा है। कुछ कर गुजरने की एक चाहत उनके मन में है। शासन व प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर इस प्रकार के भाव पैदा किये हैं। उनके परिणाम भी हम सबको देखने को मिल रहे हैं।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने उमा नाथ सिंह स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने लैब, म्यूजियम, डीमॉन्सटेªशन कक्ष सहित विभिन्न कक्षों का अवलोकन करते हुए ओ0पी0डी0 में मरीजों से वार्ता कर उनकी बीमारी के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भवन निर्माण कार्य को तीव्र गति से पूर्ण करने लिए कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया।
 मुख्यमंत्री द्वारा सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लाण्ट पंचहटिया का भी निरीक्षण किया गया। उन्हांेने प्लाण्ट की क्रियाशीलता के सम्बन्ध मंे जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री के द्वारा आज लोकार्पित की गयी विकास परियोजनाओं में विकासखंड धर्मापुर के ग्राम चौरसण्ड में वृहद गो-संरक्षण केन्द्र, राजकीय इंटर कॉलेज केराकत, लपरी-जपटापुर के मध्य नाले पर बॉक्स कलवर्ट तथा पहुंच मार्ग, उचौरा निभापुर-कबीरपुर मार्ग के किमी से निकलकर सतहरिया-बनिया बस्ती संपर्क मार्ग, सेऊर रामनगर-नेवढ़िया तरती मार्ग के किमी 04 से परेवा हरिजन बस्ती संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य सम्मिलित हैं।  

इसी प्रकार मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गयी विकास परियोजनाओं में मलेथू-चौरी मार्ग के वरुणा नदी पर सेतु, पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य, नगेसरा पुरेलला गांव के मध्य नगेसरा घाट पर बसुही नदी पर सेतु, पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य, कस्तूरबा गांधी विद्यालय (मुंगराबादशाहपुर, सुजानगंज, मछलीशहर, मड़ियाहूं एवं जलालपुर) में छात्रावास, कस्तूरबा गांधी विद्यालय (महराजगंज, करंजाकला एवं सुइथाकला) में छात्रावास एवं एकेडमिक ब्लॉक, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मल्हनी का निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकरारा को उच्चीकृत करते हुए 100 शैय्यायुक्त चिकित्सालय का निर्माण, 132 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र मुंगराबादशाहपुर (उकनी) से 33/11 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र सीड, सतहरिया हेतु नई 33 के0वी0 लाइन का निर्माण तथा 60 ग्राम पंचायतों में ग्रामीण जलापूर्ति की योजनाएं शामिल हैं।
———


Scroll To Top
Translate »