गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने फैजुल्‍लागंज में विद्युत सब स्‍टेशन का लोकापर्ण एवं शिलान्‍यास किया


DSC_2456

 

लखनऊ, । केन्‍द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ उत्‍तर विधानसभा क्षेत्र अन्‍तर्गत दाउद नगर फैजुल्‍लागंज में 2 करोड रुपये की लागत से तैयार 94 आवासों की क्षमता वाले ट्रान्जिट हास्‍टल, 28 लाख रुपये की लागत से तैयार सामुदायिक केन्‍द्र, 14.5 करोड रुपये की लागत से तैयार ओवर हैड टैंक एवं जानकीपुरम में बढती बिजली की समस्‍या को देखते हुये तैयार किये गये  विद्युत सब स्‍टेशन का लोकापर्ण एवं पुराना दाउद नगर में नये विद्युत सब स्‍टेशन का शिलान्‍यास किया।

फैजुल्‍लागंज में पुराना दाउद नगर स्थित डूडा कालोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटन पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुये केन्‍द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि घरेलू सुविधाओं के मामले में अंतरराष्‍ट्रीय संस्‍था के सर्वे में लखनऊ विश्‍व में 14वें स्‍थान पर आ गया है। इस पांच साल में भारत की अर्थव्‍यवस्‍था भी बेहद मजबूत हुयी है। भारत की प्रतिष्‍ठा पूरी दुनिया में बढ़ी है। भारत को अब ताकतवर देश के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं गोमती नदी पर खदरा से घैला तक प्रस्‍तावित तट बन्‍ध के बारे में जिक्र करते हुये कहा कि बहुत जल्‍द ही क्षेत्र के लोगों को तटबन्‍ध निर्माण की सौगात मिलने वाली है। उन्‍होंने तट बन्‍ध के निर्माण में हर स्‍तर पर मदद का भरोसा दिलाया।

वहीं कार्यक्रम में उपस्थित नगर विकास मंत्री सुरेश खन्‍ना ने संबोधित करते हुये कहा कि रोजी रोटी कमाने के बाद व्‍यक्ति की एक ही ख्‍वाहिश होती है कि उसके सिर पर अपनी छत हो। वह अपने घर के नीचे सांस ले सके और आज उन परिवारों का वर्षों का वह सपना पूरा होगा जो उन्‍होंने किसी न किसी रूप में मेहनत करते हुये अपनी जिन्‍दगी में देखा था। उन्‍होंने बताया कि अभी 96 आवास निर्माणाधीन हैं। आगामी समय में पूर्ण होने के बाद उनका भी लोकापर्ण किया जायेगा।

क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने केन्‍द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, नगर‍ विकास मंत्री सुरेश खन्‍ना, कैबिनेट मंत्री एवं मंच पर आसीन अन्‍य लोगों को गीता की पुस्‍तक व अंग वस्‍त्र भेंट कर स्‍वागत किया।

मौके पर महानगर अध्‍यक्ष मुकेश शर्मा, त्रिलोक सिंह अधिकारी, विवेक सिंह तोमर, प्रमोद चतुर्वेदी, लवकुश त्रिवेदी, अवधेश कुमार, सतीश वर्मा, राम शरण सिंह, जिलाधिकारी एवं डूडा के अधि‍कारी मौजूद रहे।


Scroll To Top
Translate »