मुख्यमंत्री ने जनपद एटा में बच्चों को पाठ्य पुस्तकें एवं स्कूल बैग वितरित किए


press (4)
लखनऊ :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने आज जनपद एटा में मॉडल प्राइमरी स्कूल में बच्चों को पाठ्य पुस्तकें एवं स्कूल बैग वितरित किए। उन्होंने इस मौके पर स्कूल प्रांगण में पौधों का रोपण भी किया। मुख्यमंत्री जी ने पुलिस लाइन स्थित मॉडल प्राइमरी स्कूल पहुंचकर पाकड़, बरगद एवं पीपल के पौधे लगाए। उन्होंने मॉडल प्राइमरी स्कूल के विभिन्न कक्षों में जाकर स्कूली बच्चों से उनसे पठन-पाठन, मध्यान्ह भोजन आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्र-छात्राआें को पाठ्य पुस्तकें एवं स्कूली बैग वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य को मंगलकामना भी की।
मुख्यमंत्री  ने पुलिस लाइन स्थित हैलीपैड पर मीडिया प्रतिनिधियों से रूबरू होते हुए कहा कि खुशी की बात है कि जिले के विकास के लिए जनपदवासियों ने प्रतिबद्धता दिखाई है। प्रदेश सरकार इसी दृष्टि से जनपद एटा के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। पिछले शासन कालों में इस जनपद की अत्यधिक उपेक्षा रही है, मौजूदा प्रदेश सरकार ने अपने 16 माह के कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के आम लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा स्थानीय प्रशासन से मिलकर एटा जिले के समग्र विकास के लिए जनकल्याणकारी, रोजगारपरक एवं गरीबी उन्मूलन योजनाआें को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री  ने प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि एटा के पड़ोसी जनपद कासगंज के पौराणिक महत्व के सोरों क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप के विकसित करके सोरों निवासियों द्वारा वर्षों से की जा रही मांग को पूरा किया जाएगा। उन्होंने एटा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हेतु जमीन उपलब्ध कराने के लिए स्कूल प्रबंधन को धन्यवाद दिया और कहा कि इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया होगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री  ने पिछली सरकार के एक साल के मुकाबले मौजूदा प्रदेश सरकार के निर्देशन में जनपद एटा में विकास कार्या का लेखा जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि कृषक ऋण मोचन योजना में 53,088 किसानों का 349.28 करोड़ रुपए का ऋण माफ करके लाभान्वित किया गया है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांव में अब तक 1,11,644 शौचालय तथा शहरी क्षेत्र में 3,368 शौचालयों का निर्माण कराया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 5,494 तथा शहरी क्षेत्र में 748 आवासों का निर्माण कराकर जरूरतमंद पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने की नीति के फलस्वरूप जिले में 59,334 मी0टन गेहूं खरीद कर आर0टी0जी0एस0 के जरिये बैंक खाते में सीधा भुगतान करके किसानों को लाभान्वित किया गया है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री अतुल गर्ग, विधायक श्री विपिन वर्मा डेविड, श्री सत्यपाल सिंह राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »