
लोकार्पित बस टर्मिनल का निर्माण पी0पी0पी0 पद्धति पर किया गया
बस टर्मिनल एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां नवनिर्मित अत्याधुनिक आलमबाग बस टर्मिनल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने हरी झण्डी दिखाकर स्वामी नारायण मन्दिर छपिया, गोण्डा से अयोध्या होते हुए लखनऊ तक चलने वाली दो बसों तथा परिवहन विभाग के 40 नये प्रवर्तन वाहनों का शुभारम्भ भी किया।
ज्ञातव्य है कि लोकार्पित बस टर्मिनल का निर्माण पी0पी0पी0 पद्धति पर किया गया है। यह टर्मिनल एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं यथा लगेज चेकिंग हेतु स्कैनर, तापमान सन्तुलन हेतु ऐटोमाइज़र, वेटिंग हाॅल, टाॅयलेट, शीतल पेयजल, फूडकोर्ट, बैंक, पोस्ट आॅफिस एवं ए0टी0एम0, लिफ्ट, अण्डरपास, एल0ई0डी0 डिस्प्ले बोर्ड आदि से सुसज्जित है। टर्मिनल पर 50 बसों की भूमिगत पार्किंग तथा 50 बसों हेतु प्लेटफाॅर्म की व्यवस्था है। टर्मिनल से लगभग 750 बसों का संचालन प्रारम्भ होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल को सीधे मेट्रो स्टेशन से भी जोड़ा गया है।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए परिवहन की बेहतर सुविधा अत्यन्त आवश्यक है। आवागमन की सुविधा जितनी अच्छी होगी, विकास उतनी ही द्रुत गति से होगा। अत्याधुनिक बस टर्मिनल के निर्माण के लिए परिवहन निगम की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 01 वर्ष मंे निगम द्वारा प्रदेश की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए गए हैं। इससे परिवहन निगम एक लाभकारी उपक्रम के रूप में सामने आया है। विगत वर्ष परिवहन निगम को 122 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। यह भी परिवहन मंत्री तथा परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों कुशल प्रबन्धन और परिश्रम से सम्भव हुआ है। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम के कर्मी इसी प्रकार कड़ी मेहनत और प्रयास करेंगे तो राज्य सरकार भी उनके हितों का संरक्षण करेगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि पी0पी0पी0 माॅडल पर परिवहन निगम 21 नये बस स्टेशनों का विकास कर रहा है। यह बस स्टेशन जनपद गाजियाबाद के गाजियाबाद व कौशाम्बी, कानपुर सेण्ट्रल का झकरकटी, वाराणसी कैन्ट, इलाहाबाद के सिविल लाइन्स व जीरो रोड डिपो, लखनऊ के चारबाग व विभूति खण्ड (गोमती नगर), बरेली (सेटेलाइट), मेरठ के सोहराब गेट व भैसाली, आगरा के ट्रांसपोर्ट नगर, ईदगाह व आगरा फोर्ट, अलीगढ़ का रसूलाबाद, मथुरा, बुलन्दशहर, रायबरेली, फैजाबाद, गोरखपुर व गढ़मुक्तेश्वर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता मंे आने से पूर्व प्रदेश परिवहन की बसें पड़ोसी राज्यों में नहीं जाती थी। राज्य सरकार ने राजस्थान, उत्तराखण्ड, जम्मू और कश्मीर तथा हरियाणा आदि राज्यों के साथ एम0ओ0यू0 कर बसों का संचालन कराया है, जिससे प्रदेश परिवहन निगम का दायरा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि रक्षा बन्धन के अवसर पर महिलाओं को परिवहन निगम के बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। 85 हजार महिलाओं ने इस सुविधा का उपभोग किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दिव्यांगजन को परिवहन निगम की बसों में बस के गंतव्य स्थल तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध करायी, पूर्व में यह सुविधा प्रदेश की सीमा के अन्दर ही अनुमन्य थी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास हेतु मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तेजी से कार्य हो रहा है। इससे प्रदेश का स्वरूप बदल रहा है। परिवहन निगम द्वारा सड़क यातायात सुविधा को बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश में 20 हवाई अड्डों के निर्माण का कार्य भी चल रहा है। इन सुविधाओं के विकास से प्रदेश की जनता को बड़ा लाभ होगा।
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार गांव-गरीब की खुशहाली के लिए कार्य कर रही है। गरीबों को सुविधा, सुरक्षा व उनका कल्याण ही प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। बस सेवा का अधिकतर इस्तेमाल गरीबों द्वारा किया जाता है। इसके सुदृढ़ीकरण से उन्हें बहुत लाभ होगा। आधुनिक तकनीकी और प्रबन्धन के प्रयोग से परिवहन निगम लाभ में आया है। राज्य सरकार ने गरीबों को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, आवास, बिजली कनेक्शन आदि उपलब्ध कराया है।
कार्यक्रम को पर्यटन मंत्री श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी ने भी सम्बोधित किया। परिवहन आयुक्त एवं प्रबन्ध निदेशक श्री पी0 गुरु प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्यमंत्री जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्रिगण श्री बृजेश पाठक, श्री आशुतोष टण्डन, डाॅ0 महेन्द्र सिहं, श्रीमती स्वाती सिंह, श्री बलदेव ओलख, लखनऊ की महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया सहित जनप्रतिनिधिगण, स्वामी नारायण मन्दिर छपिया के प्रमुख स्वामी हरि स्वरूपानन्द जी महाराज, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
