मुख्यमंत्री ने अवध शिल्प ग्राम को यू0पी0 दिवस हेतु पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए


PRESS (1)मुख्यमंत्री के समक्ष अवध शिल्प ग्राम तथा 
‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना का प्रस्तुतिकरण 
लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने लखनऊ स्थित अवध शिल्प ग्राम को यू0पी0 दिवस हेतु पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शिल्प ग्राम स्थित सभी सुविधाएं यथा क्राफ्ट शाॅप्स, एक्ज़ीबिशन हाॅल, फूड कोर्ट स्टाॅल्स, काॅन्फ्रेंस हाॅल, सांस्कृतिक केन्द्र को यथाशीघ्र संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि अवध शिल्प ग्राम में सुरक्षा और समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यहां प्रदेश के विभिन्न जनपदों के उत्पादों का इस प्रकार प्रदर्शन किया जाए कि यह स्थल लोगों के आकर्षण का केन्द्र बने।
मुख्यमंत्री  ने यह निर्देश आज यहां शास्त्री भवन में अवध शिल्प ग्राम तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना के प्रस्तुतिकरण के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग द्वारा लागू किया जाए। इसमें पर्यटन एवं संस्कृति विभाग का सहयोग भी लिया जाए। शिल्प ग्राम में ‘मेक इन यूपी’ गैलरी की स्थापना की जाए तथा यू0पी0 दिवस के कार्यक्रम के अवसर पर इसका उद्घाटन सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने शिल्प ग्राम के समुचित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर औद्योगिक एवं अवस्थापना आयुक्त  अनूप चन्द्र पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »