
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में गीडा के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर गीडा ‘एप’ लाॅन्च करने के साथ-साथ गीडा क्षेत्र के डिजिटल मैपिंग सिस्टम का भी लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने गीडा परिसर में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा का भी लोकार्पण किया। उन्होंने रेडियो गोरखपुर 90.8 का लोकार्पण करन के साथ-साथ गीडा दिवस समिट-2018 में प्रकाशित ‘उन्मेष’ स्मारिका का विमोचन किया। इसके अलावा गीडा की स्थापना एवं उद्योगों के विकास में अपना अमूल्य सहयोग देने वाले 6 व्यक्तियों को सम्मानित किया। तत्पश्चात उन्होंने गीडा में लगाये गये लगभग 45 स्टाॅलों/प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में गीडा के 30वें स्थापना दिवस पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि गीडा औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छूने में कामयाब हो रहा है। गोरखपुर सम्पूर्ण पूर्वान्चल का केन्द्र बिन्दु है। अवस्थापना सुविधाओं का समुचित विकास करना सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में गीडा को सभी औद्योगिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। औद्योगिक विकास को बढ़ाने हेतु सुरक्षा का वातावरण बने, सरकार इस दिशा में सतत प्रयत्नशील है। यह सरकार की प्रमुखताओं में है। औद्योगिक निवेश को बढ़ाने के लिए बेहतर वातावरण बनाने की दिशा में निरन्तर प्रयास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीडा के विकास को गति मिले इस हेतु पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे बनाया जा रहा है। इसके दोनों ओर औद्योगिक गलियारा बनाकर अधिक औद्योगिक निवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए हैं। इस एक्सप्रेस-वे से अन्य क्षेत्रों को जोड़ने के लिए 03 हजार करोड़ रुपए की लागत से 90 कि0मी0 लम्बा लिंक एक्सप्रेस-वे भी बनाया जाएगा। इसके अलावा, घाघरा नदी पर 300 करोड़ रुपए की लागत से एक पुल का भी निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से इस क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा, जिससे बेरोजगार नौजवानों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर के दक्षिणान्चल में बायोफ्यूल प्लान्ट लगाया जायेगा। इससे किसानों को अपनी फसल के अवशेष जलाने नहीं पड़ेंगे, बल्कि उनकी पुआल का दाम मिलेगा और उनकी आय दोगुनी होगी। इससे तेल बचाया जा सकता है, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और नौजवानों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। गोरखपुर में गीडा के विस्तार की कार्य योजना बनाई जा रही हंै।
मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि विकास एवं सुशासन का कोई विकल्प नहीं होता है। हर नौजवान को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए उद्योग लगाने होंगे और गीडा द्वारा इस दिशा में सकारात्मक पहल की जा रही है। शासन ने उद्योगपतियों की समस्याओं का समाधान किया है। औद्योगिक निवेश हेतु जमीन की व्यवस्था करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये हंै। प्रदेश सरकार आदर्श व्यवस्था को प्राप्त करने हेतु निरन्तर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि प्रदेश सरकार ने औद्योगिक विकास को गति प्रदान की है और अब गीडा में औद्योगिक माहौल बन गया है। अब नये युग की शुरुआत औद्योगिक क्षेत्र में हो रही है। जनता को सरकार पर विश्वास है और सरकार जनहित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं रोजगार एक दूसरे के पूरक हैं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि गीडा निरन्तर विकास की ओर अग्रसर है और इस दिशा में शासन द्वारा भागीरथ प्रयास कर औद्योगिक वातावरण सृजत किया जा रहा है, जिसके बेहतर परिणाम परिलक्षित हो रहे हंै। गीडा में उद्योग की काफी सम्भावनाएं है। इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने की कार्यवाही की जा रही है। गोरखपुर में एक्सप्रेस-वे के बगल में इण्डस्ट्रियल एरिया डेवलप करने हेतु मास्टर प्लान बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन औद्योगिक विकास हेतु कटिबद्ध है।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त अमित गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्वान्चल के औद्योगिक विकास हेतु गीडा की स्थापना की गयी है। गीडा ने अब तक डेवलपमेन्ट प्लान के अनुसार प्रस्तावित 32 सेक्टरों के अन्तर्गत 1673 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर लिया है तथा उसमें कुल 5139 एकड़ भूमि विकसित कर ली गई है। गीडा क्षेत्र में वर्तमान समय में कुल 464 औद्योगिक इकाइयों स्थापित हो चुकी हैं।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री जी गीडा कार्यालय सभागार में बाहर से आये उद्यमियों के साथ परिचयात्मक बैठक करते हुए उद्यमियों से प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान कराएगी। उद्योग लगाने में जो भी समस्याएं आयेंगी, उनका भी निराकरण किया जायेगा।
इस मौके पर जनप्रतिनिधिगण सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
https://rashtriyadinmaan.com
