मुख्यमंत्री योगी बोले, भ्रम और बहकावे में न आए, प्रदेश में हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करने का दायित्व यूपी सरकार का है


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि नागरिकता कानून किसी जाति, मत, मजहब के खिलाफ नहीं है बल्कि यह भारत के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा की गारंटी देता है। इसके बाद भी इस प्रकार का हिंसक प्रदर्शन भारत के कानून को नकारने जैसा है।

मुख्यमंत्री ने पुनः इस बात को दोहराया है कि जहां भी सार्वजनिक संपत्ति को उपद्रवियों ने क्षति पहुंचायी है, उस संपत्ति की भरपाई, वीडियो फुटेज तथा अन्य पुष्ट प्रमाणों के आधार पर चिन्हित किए जा रहे उपद्रवियों की संपत्तियों को जब्त करके की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि अफवाहों में न पड़ें और उपद्रवी तत्वों के उकसावे में न आएं। उन्होंने शांति बहाली की अपील करते हुए पुलिस प्रशासन को नागरिकता कानून पर अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह करने और हिंसा फैलाने वाले तत्वों को ढूंढ निकालने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने कहा कि नागरिकता कानून पर फैलाए जा रहे भ्रम और बहकावे में कोई भी न आए। प्रदेश में हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करने का दायित्व यूपी सरकार का है और यूपी पुलिस हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान कर रही है।


Scroll To Top
Translate »