
अयोध्या | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अयोध्या दौरे के दौरान कहा कि राम मंदिर का हल बातचीत के जरिए से निकलना चाहिए। इसके अलावा सीएम ने अयोध्या के विकास के लिए 350 करोड़ रुपये खर्च करने की भी बात की।योगी आदित्यनाथ ने महंत नृत्य गोपाल दास जन्मोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत आस्था का देश है। अयोध्या से श्रीराम जी का नाम जुड़ा हुआ है। धर्म का मकसद लोक कल्याण है। योगी ने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि अयोध्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे अयोध्या को हम एलईडी स्ट्रीट लाइट देंगे। इसके अलावा शहर को 24 घंटे बिजली दी जाएगी। अयोध्या मामले में बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह संवाद का उचित अवसर आया है। सुप्रीम कोर्ट ने बातचीत से हल निकाले जाने की अपील की है और हमें इसे ध्यान में रखकर नया प्रयास प्रारंभ करना चाहिए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘बहुत अच्छा लगा जब लखनऊ में कई मुस्लिम संगठनों ने अयोध्या में राम जन्मभूमि हिंदू समाज को सौंपने की वकालत की।’
इससे पहले मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अयोध्या दौरे पर गए योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया कि अब बनारस की तरह सरयू तट पर भी आरती होगी। अयोध्या में सरयू महोत्सव का अयोजन किया जाएगा। वहीं, घाटों की भी मरम्मत की जाएगी।
https://rashtriyadinmaan.com
