मुख्य सचिव स्टार्ट-अप कान्सेप्ट पर आधारित आई.टी. उपवन (लखनऊ केन्द्र) का शुभारम्भ करेंगे


hhgytr6लखनऊ: आई.टी. एवं इलेक्ट्राॅनिक्स विभाग के अधीन श्रीट्रान इण्डिया लि0 द्वारा दिनांक 15 अक्टूबर, 2015 को स्टार्ट-अप कान्सेप्ट पर आधारित आई.टी. उपवन (लखनऊ केन्द्र) का शुभारम्भ किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन राज्य के मुख्य सचिव आलोक रंजन द्वारा किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिवों तथा विभागाध्यक्षों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। प्रदेश के छात्र-छात्राओं/उदीयमान प्रतिभाओं के लिये नव-प्रवर्तन, अन्वेषण तथा अपने उद्यमों का निर्माण एवं विकास करने हेतु आई.टी. उपवन योजना के माध्यम से अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने हेतु शासन की इस योजना के अन्तर्गत स्टार्ट-अप कान्सेप्ट पर आधारित आई.टी. उपवन (आई.टी.इक्यूबेशन सेन्टर) के लखनऊ केन्द्र की स्थापना के संबंध में सम्पूर्ण कार्यवाही श्रीट्राॅन इण्डिया लि0 द्वारा पूर्ण करायी जा चुकी है। इसके अन्तर्गत 50 सीट की व्यवस्था उपलब्ध करायी गयी है। प्रदेश में वर्तमान में लगभग 800 इंजीनियरिंग कालेज हैं तथा लगभग प्रतिवर्ष 96000 इंजीनियर छात्र उत्तीर्ण होते हैं, जिनमें से केवल 20 प्रतिशत को ही तुरन्त रोजगार प्राप्त होता है।
उल्लेखनीय है कि श्रीट्रान इण्डिया लि0 के साहिबाबाद, गाजियाबाद केन्द्र में भी इस योजना को 14 सीटों के साथ इसी वर्ष प्रारम्भ किया गया था जहां अब सीटों की संख्या बढ़ाकर 100 किया जा रहा है।
विशेष सचिव आई.टी. एवं इलेक्ट्राॅनिक्स श्री जी.एस. नवीन कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है तथा प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा छात्रों को लैपटाप वितरण के फलस्वरूप आने वाले वर्षों में प्रौद्योगिकी से उनका सम्पर्क बढ़ रहा है। इससे नये उद्यमी उदीयमान होंगे जो रोजगार-प्राप्ति के आकांक्षी न होकर रोजगार-प्रदाता बनेंगे। इंटेलीजेंसी के मामले में प्रदेश के इंजीनियर्स सम्पूर्ण भारत के किसी भाग के इंजीनियर्स के समकक्ष हैं किन्तु पूंजी, अवस्थापना सुविधायें, सहयोग और उचित परामर्श की कमी उन्हें उद्यमिता-पथ पर आगे नहीं बढ़ने देती। अतः प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शिक्षित छात्र/छात्राओं को प्रदेश में आवश्यक मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं की कमी की वजह से उस विचार/संकल्पना को साकार नहीं कर पाते तथा धीरे-धीरे उनके विचार/संकल्पना स्वतः समाप्त हो जाती है।
अतः बिजनेस इन्क्यूबेटर का निर्माण प्रदेश के शिक्षित छात्र/छात्राओं के लिए मददगार सिद्ध होगा। ऐसे छात्र-छात्राओं को प्रदेश में अनुकूल वातावरण आई.टी उपवन योजना के माध्यम से उपलब्ध कराया जायेगा जहां से वह प्लग-एण्ड-प्ले  के आधार पर उसका उपयोग कर अपने भविष्य का निर्माण कर सकते हैं तथा इस योजना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार सृृजित होंगे। स्टार्ट-अप्स की दिशा में राज्य सरकार का यह एक ऐतिहासिक कदम है जिसके द्वारा प्रदेश के विद्यालयों/महाविद्यालयों के नए उद्यमियों/उदीयमान प्रतिभाओं को नव-प्रवर्तन, अन्वेषण तथा अपने उद्यमों का निर्माण एवं विकास करने हेतु प्रोत्साहित किया जा सकेगा।

Scroll To Top
Translate »