क्रिसमस कार्निवल की धूम


गुड़गांव। क्रिसमस में अब कुछ समय ही शेष है ऐसे में बाजारों में इसके लिए उत्साह चरम पर है। लोग जगह-जगह फ्ली मार्केट व बाजार लगा रहे हैं। ऐसे में ग्राहकों को अपनी पसंद की वस्तुएं इन स्थानों पर मिल रही है। क्रिसमस कार्निवल के नाम से जगह-जगह पर छोटी-छोटी स्टॉल्स देखने को मिल रही है।
सेंट्रल प्लाजा, गुड़गांव सेंट्रल, डीटी मॉल तथा अन्य स्थानों पर भी फ्ली मार्केट लगाया गया है। इसके अलावा शहर में कई स्थानों पर क्रिसमस कार्निवल की भी धूम रहेगी जहां पर मौज मस्ती के साथ-साथ खाने पीने तथा खरीददारी की व्यवस्था होगी व साथ साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन हो रहे हैं। शहर के सेक्टर 44 स्थित एपीसेंटर में चल रहे कार्निवल में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए कोई न कोई आयोजन हो रहा है। यह कार्निवल दिसंबर माह की शुरुआत से शुरु हो गया था। इस बारे में एपीसेंटर की हेड मुक्ता ने बताया कि इस कार्निवल में सैंटा से लेकर क्रिसमस कैरल्स, प्रतियोगिताएं, खाने पीने तथा शॉपिंग की व्यवस्था है जिसमें गुड़गांव से ही नहीं बल्कि दिल्ली एनसीआर से लोग पहुंच रहे हैं। इसको अलावा विभिन्न स्कूलों में भी क्रिसमस कार्निवाल का आयोजन हो रहा है। स्कूलों में छुंिट्टयों से पहले इस तरह के आयोजन हो रहे हैं। एप्पल ब्लॉसम स्कूल में भी शनिवार को विद्यार्थियों व अभिभावकों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया है।
शहर के मॉलों में भी क्रिसमस को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सजावट के साथ साथ इन स्थानों पर क्रिसमस कैरल्स की धुन भी गूंजती सुनाई देती है। शहर के मेट्रोपॉलिटन मॉल, मेट्रोपॉलिश मॉल, एंबियंस मॉल, सहारा मॉल सहित अन्य स्थानों पर विशालकाय क्रिसमस ट्री तथा लाइव सैंटा लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं। डीएलफ फेज वन बाजार पूरी तरह क्रिसमसमय हो गया है। क्रिसमस ट्री व सैंटा के अलावा क्रिसमस की सीडियों आदि की बिक्री जोरों पर है। क्रिसमस की शॉपिंग करने पहुंची विभा के मुताबिक वे भले ही इस त्योहार को नहीं मनाती लेकिन इस समय की रौनक देखने लायक होती है। हर जगह रंग बिरंगी चीजें देखकर अच्छा लगता है। शॉपिंग करने पहुंची सुनीता के मुताबिक वे बच्चों के चलते क्रिसमस का त्योहार मनाने लगी हैं और इस त्योहार को दीपावली व होली जितनी अहमियत देने लगी हैं। उनके मुताबिक बच्चे भी इसके लिए उत्साहित होती हैं तो शॉपिंग करनी पड़ती है और बाजारों का माहौल भी देखने लायक होता है।


Scroll To Top
Translate »