सफाईकर्मी नदारद, गंदगी देख बिफरे विधायक डा. नीरज बोरा


DSC_0231

लखनऊ, । उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अयोध्यादास वार्ड में 50 से अधिक सफाई कर्मचारी। इसके बाद भी पूरे वार्ड में गंदगी व अव्यवस्थाओं का अंबार। भारी बारिश के बीच शनिवार को भाजपा विधायक सफाई व्यवस्था का जायजा लेने नगर निगम अधिकारियों के साथ अयोध्यादास वार्ड पहुंचे। दीनदयाल नगर, खदरा चुंगी, बाबा का पुरवा व ललई चौराहा से बंधा मार्ग तक गंदगी व अव्यवस्था देख विधायक डा. नीरज बोरा भड़क गये। उन्होंने सफाई न होने पर नगर निगम अधिकारियों को मौके पर ही लताड़ लगाई साथ ही क्षेत्र में फैली अव्यवस्था को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

झमाझम हो रही बारिश के बीच विधायक डा. बोरा ने सुबह 8:00  बजे से सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अयोध्यादास वार्ड के खदरा चुंगी से पैदल मार्च प्रारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने बाबा का पुरवा, ललई चौराहा समेत अयोध्यदास वार्ड के कई क्षेत्रों का जायजा लिया। बाबा का पुरवा में उन्हें देखते ही क्षेत्रवासियों की भीड़ लग गयी और लोगों ने अपनी समस्याएं बतानी शुरु कर दी। अधिकांश लोगों ने यहां गंदगी और जल निकासी की शिकायतें कीं।

क्षेत्रवासियों ने दुखड़ा रोयाः अचानक निरीक्षण करने पहुंचे विधायक डा. नीरज बोरा को स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में व्यापत गंदगी से रुबरु करवाया। जगह-जगह बजबजाती नालियां व कूडे के ढेर दिखाने लगे। क्षेत्रवासियों ने विधायक डा. बोरा को बताया कि नगर निगम से कोई भी सफाईकर्मी नियमित सफाई करने नहीं आता। इस बात को सुन विधायक डा. बोरा ने जोनल अधिकारी राजेश गुप्ता से नाराजगी जाहिर की।

सफाईकर्मी नदारदः निरीक्षण के दौरान विधायक डा. नीरज बोरा को सफाईकर्मी नदारद दिखे। इस बाबत डा. नीरज बोरा ने जब जोनल अधिकारी राजेश गुप्ता से सफाई कर्माचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया तो 50 सफाईकर्मियों में सिर्फ 3 सफाईकर्मी मौके पर मौजूद मिले। यह सुन डा. बोरा ने अनुपस्थित सफाईकर्मियों के खिलाफ तुरन्त कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देशः बारिश के दौरान खदरा में जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। वहां के नागरिकों ने विधायक डा. नीरज बोरा को बताया कि बन्धे के किनारे कूडे से नाले चोक हो जाते हैं। डा. बोरा ने मौके पर मौजूद नगर अभियन्ता (अभियन्त्रण) मनीष अवस्थी और जेई सीएल वर्मा को नालों पर पत्थर डलवाने एवं नाले को चौडा करने का आदेश दिया। वहीं क्षेत्रवासियों ने डा. बोरा से गुहार लगाई कि बरसात में नालियों की सफाई न होने से गलियों के अन्दर नालियों चोक हो जाती हैं। घरों में नालियों का गन्दा पानी घुस जाता है। डा.बोरा ने घरों में घुस रहे गन्दे पानी से लोगों को निजात दिलाने के लिए जलकल विभाग के अभियन्ता कुलदीप सिंह को कड़ी फटकार लगाई। वहीं कूडे के ढेर हेतु आर.आर. विभाग के मुख्य अभियन्ता मोहन पाण्डेय को फोन पर जेसीबी द्वारा तत्काल कूड़ा उठाने के लिए आदेशित किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक डा. नीरज बोरा के साथ बीजेपी मंडलाध्यक्ष अतुल अग्रवाल, लवकुश त्रिवेदी, अवधेश कुमार, राजेन्द्र त्रिपाठी, दीपू शुक्ला, प्रमोद चतुर्वेदी, शैलेन्द्र चतुर्वेदी, बैजनाथ तिवारी, दुर्गेश मिश्रा, शैलेन्द्र मौर्या, राजेन्द्र गुप्ता, राजा दयाल त्रिपाठी, धीरेन्द्र मौर्या, कुसुम कश्यप सहित कई लोग शामिल थे।


Scroll To Top
Translate »