
नोएडा | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की शाम नोएडा पहुंचे। कल वो सेक्टर-39 में कोविड अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। सीएम योगी बरेली से सीधे ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां पर जिले के डीएम सुहास एलवाई सहित कई आला अफसर उनकी अगुआनी के लिए मौजूद थे। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम योगी को शनिवार सुबह यहां पहुंचना था, लेकिन कार्यक्रम में हुए बदलाव के बाद वे आज ही यहां आ गए।
सीएम योगी के नोएडा दौरे से पहले यहां पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। एडीसीपी नोएडा रणविजय सिंह ने बताया कि सीएम योगी के दौरे को ध्यान में रखते हुए नोएडा में धारा-144 लगा दी गई है। इसके साथ ही ड्रोन उड़ाने पर भी पाबंदी है।
नोएडा में धारा-144
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रणविजय सिंह ने कहा, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले नोएडा में धारा 144 लागू कर दी गई है। लोगों को ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं है। ड्यूटी पर तैनात रहने वाले 15 गजेटेड ऑफिसर और 700 कॉन्स्टेबल का कोरोना टेस्ट भी किया जाएगा।’
सीएम योगी कोविड अस्पताल का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सेक्टर-39 में बने 420 बेड्स वाले कोविड-19 अस्पताल का शनिवार को उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद करीब 10:30 बजे सेक्टर-128 स्थित कोविड-19 के लिए बनाए गए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण करने भी जाएंगे।
https://rashtriyadinmaan.com
