CM योगी ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जनपद इटावा को ISO: प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाने पर DM श्रीमती सेल्वा कुमारी जे0 को बधाई दी


PRESS (1)-1
भारत को स्वस्थ राष्ट्र बनाने में स्वच्छता का महत्वपूर्ण योगदान: मुख्यमंत्री
 
लखनऊ:     प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जनपद इटावा को  ISO:9001:2015   प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाने पर जिलाधिकारी श्रीमती सेल्वा कुमारी जे0 को बधाई दी है। इटावा की जिलाधिकारी ने आज यहां शास्त्री भवन में मुख्यमंत्री  से भेंट कर उन्हें प्रमाण-पत्र सौंपा। इटावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत यह प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाला देश का पहला जनपद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री  ने कहा कि भारत को स्वस्थ राष्ट्र बनाने में स्वच्छता का महत्वपूर्ण योगदान है। स्वच्छता हासिल करने में स्वच्छ भारत मिशन अत्यन्त प्रभावी है। प्रदेश के अन्य जनपदों को इटावा के माॅडल को अपनाना चाहिए, ताकि वे भी स्वच्छता के लक्ष्य को हासिल कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी  द्वारा वर्ष 2014 में लागू किए गए स्वच्छ भारत मिशन के अच्छे परिणाम परिलक्षित होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यन्त आवश्यक है। वातावरण स्वच्छ होने से संक्रामक रोगों के फैलाव पर लगाम लगती है। यही कारण है कि इस वर्ष पूर्वांचल क्षेत्र में इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सका है। वहां इस वर्ष बहुत कम संख्या में इंसेफेलाइटिस के मरीज हाॅस्पिटल पहुंचे। इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण में स्वच्छता की बहुत बड़ी भूमिका है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय, भारतीय मानक ब्यूरो के उप महानिदेशक (मानकीकरण) डाॅ0 आर0के0 बजाज, उप महानिदेशक (उत्तर क्षेत्रीय कार्यालय) श्री एन0के0 कंसारा, वैज्ञानिक श्री एम0ए0जे0 विनोद सहित जनपद इटावा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
—————

Scroll To Top
Translate »