सीएम योगी ने बेसिक शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार से किया सम्मानित एवं प्रेरणा ऐप का शुभारम्भ किया


शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर

लखनऊ। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित राज्य अध्यापक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों को सम्मानित किया। बेसिक शिक्षा विभाग ने राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए 49 शिक्षक चयनित किये थे। इस मौके पर योगी ने बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से विकसित कराये गए प्रेरणा मोबाइल ऐप को भी लांच किया। इससे पहले सीएम योगी ने दीप प्रज्ज्वलन कर शिक्षक सम्मान समारोह एवं प्रेरणा ऐप के लोकार्पण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार शाम आयोजित समारोह में संबोधित करते हुए कहा कि विगत ढाई वर्षों में बेसिस शिक्षा परिषद ने कार्य किये हैं उसके लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के रूप में हमें समाज को कुछ देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है तो इस जीवन को धन्य मानना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार आई तो कहा गया कि बेसिक शिक्षा बहुत ज्यादा खर्च किया जा रहा है। तो हमने कहा कि इससे शिक्षा का विकास होगा और तभी आपरेशन कायाकल्प की शुरूआत की गई। उन्होंने कहा शिक्षा के क्षेत्र में महिलाएं बहुत अच्छा योगदान दे सकती हैं। यदि वे नियमित रूप से स्कूल जाएं तो निश्चित रूप से एक योग्य शिक्षक के रूप में अपने आप को साबित कर सकती हैं। मुझे उम्मीद है कि अगली बार सम्मानित होने वाले शिक्षकों में महिलाओं की संख्या अधिक होगी।

योगी ने कहा कि स्कूल चलो अभियान को शुभारम्भ 2017 में किया गया था। इस दौरान इस अभियान ने अच्छा किया। स्कूलों में छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ी है। बहुत से देश की इतनी जनसंख्या नहीं होगी, जितनी विद्यालयों में विद्यार्थियों की होगी। उन्होंने कहा कि हमें कोशिश करना होगा सरकार योजना सिर्फ योजना न बनकर जनान्दोलन बने तभी अपेक्षित सफलता मिलेगी। यदि कोई बच्चा स्कूल जाने से वंचित रह जाता है तो यह समाज का दुर्भाग्य है।उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं है। हम बच्चों को ऐसे व्यावहारिक ज्ञान से परिपूर्ण करें जिससे वे जीवन में चुनौतियों का समाना कर सकें।


Scroll To Top
Translate »