सीएम योगी ने किया हरीतिमा अभियान का शुभारंभ, 684 करोड़ की 151 परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया


Untitled-design-1-18.png

 

इलाहाबाद |  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इलाहाबाद के परेड मैदान से प्रदेश स्तरीय गंगा हरीतिमा अभियान 2018 का शुभारंभ किया. सीएम योगी ने कहा कि गंगा हरीतिमा अभियान गंगा को अविरल और निर्मल बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है. उन्होंने इस अभियान से आम जन को जोड़ते हुए एक व्यक्ति एक वृक्ष का भी नारा दिया. सीएम योगी ने कहा है कि गंगा नदी बिजनौर से लेकर बलिया तक 1140 किलोमीटर यूपी में बहती हैं. इसलिए हमारा दायित्व है कि गंगा के किनारे पौधरोपण करके गंगा की अविरलता और निर्मलता को बचाया जाये.

इस मौके पर सीएम योगी ने गंगा हरीतिमा वेबसाइट और मोबाइल एप भी लांच किया. सीएम योगी ने गंगा को अविरल और निर्मल बनाने के लिए एक पुस्तक और गंगा गीतों पर आधारित सीडी का भी विमोचन किया. सीएम ने इस मौके पर गंगा को अविरल और निर्मल बनाने के अभियान में जुटे 51 किसानों और ग्राम प्रधानों को भी ग्राम सेवक के रूप में सम्मानित किया. गंगा हरीतिमा योजना के तहत गंगा नदी के दोनों किनारों को वन विभाग और मनरेगा की मदद से पेड़-पौधे लगाकर हरा भरा करेगा.

इस मौके पर योगी ने जनवरी 2019 में लगने वाले कुम्भ को लेकर भी 684 करोड़ की लागत की 151 परियोजनाओं का भी सीएम ने शिलान्यास किया. सीएम योगी ने स्कूल चलो अभियान के तहत गंगा हरीतिमा के मंच प्राइमरी के चार बच्चों को स्कूल बैग सौंपा. सीएम योगी ने जनवरी 2019 में लगने वाले कुम्भ को लेकर कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार कुम्भ के आयोजन को विशिष्ट आयोजन बनाने की तैयारी कर रही है. उन्होंने अखाड़ों और साधु सन्तों से भी कुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं के रुकने के लिए इंतजाम करने की अपील की है.

सीएम ने गंगा हरीतिमा और कुम्भ दोनों को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ाने की लोगों से अपील की है. वहीं नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने भी कुम्भ को लेकर किए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा की. उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता की सबसे बड़ी पूंजी आतिथ्य सत्कार है और कुम्भ में दुनिया के 192 देशों के लोग भी आयेंगे. उन्होंने प्रयागवासियों से कुम्भ के आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.


Scroll To Top
Translate »