पूरी हुई प्रक्रिया, कल होगा सचिन की जिंदगी का बेहद खास दिन


Sachin-Tendulkarमहानतम पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन रमेश तेंदुलकर ने यूं तो जिंदगी में बहुत ऐसे पल देखे जो कि उनके लिए खास रहे होंगे, लेकिन कल 4 फरवरी (मंगलवार) शायद उनके जीवन का सबसे खास दिन साबित होगा। तमाम अड़चनों व कयासों के बीच आखिरकार उन्हें भारत रत्न देने की प्रक्रिया समाप्त हो गई है और अब कल देश का ये सर्वोच्च नागरिक सम्मान हासिल करके सचिन तेंदुलकर औपचारिक तौर पर ‘भारत रत्न सचिन तेंदुलकर’ हो जाएंगे।
सचिन तेंदुलकर को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की प्रक्रिया 14 नवंबर को उनके विदाई टेस्ट के पहले दिन शुरू हुई थी और दो दिन बाद इसकी घोषणा की गई। सूचना का अधिकार कानून (आरटीआइ) के तहत मिले जवाब में यह खुलासा हुआ है। कैंसर से जूझ रहे खेल प्रेमी आरटीआइ कार्यकर्ता हेमंत दुबे ने यह सूचना मांगी थी। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा उन्हें इस कानून के तहत उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों में बताया गया है कि पीएमओ से निदेशक राजीव टोपनो के हस्ताक्षर युक्त फैक्स 14 नवंबर 2013 को दोपहर एक बजकर 35 मिनट पर खेल मंत्रालय को भेजा गया जिसमें एक निर्धारित प्रारूप में तेंदुलकर का बायो डाटा भेजने के निर्देश दिए गए थे।

इस पर कार्रवाई करते हुए खेल मंत्रालय ने उसी दिन शाम 5 बजकर 22 मिनट पर मात्र चार घंटे के अंदर पीएमओ को तेंदुलकर का बायो डाटा भेज दिया। 15 नवंबर को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर तेंदुलकर को भारत रत्न से सम्मानित करने संबंधी प्रस्ताव राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के अनुमोदन के लिए भेजा और राष्ट्रपति का अनुमोदन मिलते ही 16 नवंबर को चौबीस घंटे बाद इसकी घोषणा कर दी गई। इसके बाद प्रधानमंत्री ने तेंदुलकर को भारत रत्न से सम्मानित करने की सूचना देते हुए 17 नवंबर को उन्हें एक पत्र भेज दिया। तेंदुलकर को अब चार फरवरी को दिल्ली में इस सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।


Scroll To Top
Translate »