LDA VC ने बसंतकुंज योजना के सेक्टर-एन में बन रहे प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया
कैटल कालोनी से आईआईएम रोड के बीच जल्द सुगम होगा आवागमन

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी और सचिव पवन कुमार गंगवार ने गुरुवार को बसंतकुंज योजना के सेक्टर-एन में बन रहे प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया। एलडीए के अधिशासी अभियंता प्रताप शंकर मिश्रा ने बताया कि योजना के अंतर्गत 47 ब्लॉकों में 2256 प्रधानमंत्री आवास बनाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने अलग-अलग ब्लॉक में जाकर निर्माण कार्य का जायजा लिया।
इसमें मेसर्स प्रताप हाईट्स द्वारा किए जा रहे कार्य की प्रगति धीमी पायी गई। इस पर उपाध्यक्ष ने फर्म के प्रतिनिधि को चेतावनी देते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य तीन एजेंसियों मेसर्स एशिया कंस्ट्रक्शन, मेसर्स सत्या एवं मेसर्स शिवम लाइट हाउस द्वारा किए जा कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने तीनों एजेंसियों को 28 फरवरी तक भवनों का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चार ब्लॉकों में बाहरी हिस्से की रंगाई-पुताई का कार्य प्रगति पर था। उपाध्यक्ष द्वारा श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर पुताई का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता प्रताप शंकर मिश्रा, संजीव कुमार गुप्ता, मनोज सागर व ग्रीन कॉरिडोर के प्रोजेक्ट इम्पलीमेंटेशन यूनिट के सदस्य अनिल कुमार सिंह सेंगर, एके श्रीवास्तव और मेहर सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
- लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बंधा रोड का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
- कैटल कालोनी से आईआईएम रोड (सीतापुर-हरदोई बाईपास) के बीच जल्द ही आवागमन सुगम होगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी और सचिव पवन कुमार गंगवार ने गुरुवार को बंधा रोड का निरीक्षण करके अधिकारियों को एक माह में इसका कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बसंतकुंज योजना स्थित प्रधानमंत्री आवासों का भी निरीक्षण करके विकास कार्यों का जायजा लिया।
उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि बंधा गऊघाट पम्पिंग स्टेशन से आईआईएम रोड तक बनाया जा रहा है। इस तटबंध के बनने से पुराने लखनऊ में नदी किनारे बसी आबादी को जलभराव की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बंधे के छूटे हुए 140 मीटर के हिस्से में मिट्टी पटाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके अलावा बंधे का जो हिस्सा पहले से बना हुआ है, उसमें भी साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक महीने में बंधे का कार्य पूरा करा लिया जाए, जिससे कि लोगों के लिए आवागमन सुगम हो सके। - इस मौके पर उपाध्यक्ष ने नदी और बंधे के बीच बसे पशुपालकों से भी सीधा संवाद करके उनकी समस्याएं सुनी। स्थानीय लोगों द्वारा अनुरोध किया गया कि उन्हें जल्द ही यहां से कैटल कालोनी में उपलब्ध अन्य भूखण्डों पर स्थानांतरित कर दिया जाए। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीघ्र ही नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पशुपालकों को अन्य भूखण्डों पर कब्जा दिया जाए।
https://rashtriyadinmaan.com
