
स्वीकृत आवासीय आश्रम पद्धति विद्यालयों का निर्माण कार्य आगामी 02 वर्ष
में निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के साथ कराया जाये पूर्ण: मुख्य सचिव
लखनऊ | मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने निर्देश दिये हैं कि जनपद सोनभद्र में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जातियों के बच्चों की पढ़ाई हेतु एक बालक एवं एक बालिका आवासीय आश्रम पद्धति विद्यालयों का निर्माण आगामी 02 वर्षों में पूर्ण निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के अनुसार पूर्ण करा लिया जाये। उल्लेखनीय है कि उक्त आवासीय विद्यालयों का निर्माण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुसार कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी, सोनभद्र द्वारा जनपद सोनभद्र के तहसील-घोरावल, परगना-बड़हर के ग्राम मूर्तियां में राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय (बालिका) हेतु तथा तहसील-राॅबर्ट गंज के परगना-विजयगढ़ के ग्राम सियरिया में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय (बालक) हेतु भूमि चिन्हित कर उपलब्ध करा दी गई है।
मुख्य सचिव ने आज लोक भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक कर निर्देश दिये हैं कि स्वीकृत विद्यालयों के भवन निर्माण का कार्य यथाशीघ्र प्रारम्भ करा दिया जाये। उन्होंने कहा कि इन स्वीकृत विद्यालयों को नवोदय विद्यालयों की भांति संचालित कराने हेतु आवश्यक कार्यवाहियां प्राथमिकता से सुनिश्चित कराईं जायें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये हैं कि भारत सरकार की तर्ज की भांति स्वीकृत विद्यालयों के संचालन हेतु आवश्यकतानुसार सोसाईटी बनाने का प्रस्ताव भी यथाशीघ्र प्रस्तुत किया जाये।
बैठक में प्रमुख सचिव, समाज कल्याण, श्री मनोज सिंह, सचिव बेसिक शिक्षा, श्री मनीषा त्रिघाटिया एवं निदेशक, समाज कल्याण, श्री बाल कृष्ण त्रिपाठी सहित सम्बंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
