Coronavirus: देश के 75 जिलों में लॉकडाउन घोषित, यात्री और मेट्रो ट्रेनें 31 मार्च तक बंद


 

नयी दिल्ली : केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस के मद्देनजर राज्य सरकारों से उन 75 जिलों में केवल आवश्यक सेवाओं का ही परिचालन किये जाने का आदेश जारी करने को कहा है जहां कोविड-19 के पुष्ट मामले सामने आए या जहां इससे लोगों की मृत्यु हुई है. अधिकारियों ने कहा कि अंतर राज्यीय बस सेवाएं भी 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला किया गया है.

इसके अलावा 31 मार्च तक दिल्ली मेट्रो समेत सभी मेट्रो सेवाओं को भी स्थगित करने का फैसला किया गया है. इस आशय का निर्णय आज सुबह कैबिनेट सचिव एवं प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव के साथ सभी राज्यों के मुख्य सचिवों की बैठक में लिया गया. सरकारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में कोराना वायरस के मद्देनजर 31 मार्च 2020 तक उपनगरीय रेल सेवाओं सहित सभी ट्रेन सेवाओं को स्थगित करने का निर्णय किया है. हालांकि, मालगाड़ियों को इससे अलग रखा गया है.

इसके अलावा 31 मार्च तक सभी मेट्रो सेवाओं को स्थगित करने का भी निर्णय किया गया. इसमें कहा गया है कि राज्य सरकारों से उन 75 जिलों में केवल आवश्यक सेवाओं का ही परिचालन किये जाने का आदेश जारी करने को कहा है जहां कोविड-19 के पुष्ट मामले सामने आए हैं या जहां इससे लोगों की मृत्यु हुई है.

बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद राज्य सरकारों को सुझाव दिया गया है कि वे उन 75 जिलों में केवल आवश्यक सेवाओं का ही परिचालन किये जाने के संबंध में उपयुक्त आदेश जारी करें जहां जहां कोविड-19 के पुष्ट मामले सामने आए हैं.


Scroll To Top
Translate »