पटना | राज्य की विधि-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। मंगलवार को बिहार विधानसभा परिसर में सीएम ने दो टूक कहा कि सरकार का रवैया अपराध पर सख्त है। किसी भी तरह के अपराध से सख्ती से निबटा जाएगा और सुस्ती बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध पर काबू पाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। एक-एक घटना पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। अगर कहीं किसी अधिकारी द्वारा कोताही बरतने की जानकारी मिली तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं जमुई से भगवान महावीर की मूर्ति चोरी मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने सीबीआई से अनुशंसा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा सीबीआई से जांच कराने के लिए 29 नवंबर को ही आदेश दिए जा चुके हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक सीबीआई निदेशक के सम्पर्क में हैं। पुलिस ने इस घटना को चुनौती के रूप में लिया है। हर दृष्टिकोण से इस मामले की जांच हो रही है। जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, पुलिस के आलाधिकारी सक्रिय हो गए। मैं खुद भी इस घटना की जांच में क्या प्रगति हुई, जानकारी ले रहा हूं। उम्मीद है कि पुलिस मामले की तह तक अवश्य पहुंचेगी।
सीएम ने कहा कि चोरी गई मूर्ति काफी महत्वपूर्ण व प्राचीन बताई जाती है। इस तरह की मूर्तियां काफी कीमती मानी जाती है। इस प्रकार की मूर्तियों की चोरी में कभी-कभी स्थानीय स्तर के अलावा अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भी हाथ होता है। सीबीआई जांच की सिफारिश इसको ध्यान में रखकर की गई है। सीबीआई को ऐसे मामलों की जांच में विशेषज्ञता हासिल है। बिहार पुलिस भी इस मामले में हर संभव कार्रवाई कर रही है।
https://rashtriyadinmaan.com

